![]()
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई दिल्ली कैबिनेट की बैठक में आशा कार्यकर्ताओं के मासिक प्रोत्साहन को दोगुना करने का फैसला लिया गया। अब उन्हें 3 हजार के बजाय 6 हजार रुपए मासिक प्रोत्साहन मिलेगा। यह वृद्धि दिल्ली में कार्यरत सभी आशा कार्यकर्ताओं पर लागू होगी। अन्य प्रोत्साहन पहले की तरह जारी रहेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आशा कार्यकर्ता दिल्ली की प्राथमिक स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देने, टीकाकरण के लिए प्रेरित करने और गर्भवती महिलाओं व प्रसूताओं की देखभाल से जुड़ी सेवाओं में सहयोग करती हैं। स्वास्थ्य एवं पोषण दिवस, जागरूकता कार्यक्रम, सर्वेक्षण और सामुदायिक बैठकों में भी उनकी अहम भूमिका है। कोविड-19 महामारी के दौरान भी उन्होंने महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं दी थीं। दिल्ली में 6,725 आशा कार्यकर्ता कार्यरत हैं। सामान्यतः एक आशा कार्यकर्ता करीब 2 हजार लोगों या 400 परिवारों से जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि मानदेय बढ़ाने पर सरकार लगातार विचार कर रही थी और यह उसकी प्राथमिकताओं में शामिल था। इस वृद्धि से आशा कार्यकर्ताओं की आर्थिक सुरक्षा और मनोबल बढ़ेगा। इससे उनकी सेवा निरंतरता मजबूत होने के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को भी और प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
Source link
दिल्ली में आशा कार्यकर्ताओं का मासिक प्रोत्साहन हुआ दोगुना:अब हर माह ₹6 हजार मिलेंगे, सीएम की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में फैसला
