![]()
बड़वानी शहर गणेशोत्सव के तीसरे दिन बुधवार रात शहर के अलग-अलग गणेश पंडालों में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए। झंडा चौक स्थित बड़वानी धरोहर में पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर आधारित प्रस्तुति दी गई। वहीं पाटला बाजार स्थित मां कालिका माता मंदिर में गणपति बप्पा की गाथा का नृत्य-नाट्य के जरिए मंचन किया गया। एमजी रोड स्थित निजी गणेश पंडाल में भी रोजाना सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। बड़वानी धरोहर में पृथ्वीराज चौहान की प्रस्तुति ऐतिहासिक झंडा चौक, जिसे नाभि केंद्र के नाम से भी जाना जाता है, पर बड़वानी धरोहर ने 11 फीट ऊंची अष्टभुजा गणेश प्रतिमा स्थापित की है। युवाओं ने वर्ष 2021 में यह आयोजन शुरू किया था। इस वर्ष आयोजन के पांच साल पूरे हो रहे हैं। गणेशोत्सव की शुरुआत 14 सितंबर को भव्य शोभायात्रा के साथ हुई थी। 15 सितंबर को रामजी का अयोध्या आगमन कार्यक्रम हुआ। इसके बाद 16 सितंबर की रात पृथ्वीराज चौहान के जीवन पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई। रात 8 से 12 बजे तक चले कार्यक्रम में स्थानीय बच्चों, युवाओं और कलाकारों ने अभिनय व नृत्य के माध्यम से ऐतिहासिक प्रसंग प्रस्तुत किए। प्रस्तुति देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और शहरवासी पहुंचे। 17 से 25 सितंबर तक ये आयोजन होंगे बड़वानी धरोहर में 17 सितंबर को फैंसी ड्रेस, 18 को कृष्णलीला, 19 को मैजिक शो, 20 को निमाड़ी भजन, 21 को सीता स्वयंवर और 22 सितंबर को हिंडोला महोत्सव व श्याम संकीर्तन होगा। 23 सितंबर को धरोहर की विशेष प्रस्तुति और 24 सितंबर को कांतारा की प्रस्तुति होगी। 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी पर शील्ड वितरण के साथ आयोजन का समापन होगा। कालिका माता मंदिर में 10 साल बाद गणेशोत्सव पाटला बाजार स्थित मां कालिका माता मंदिर में करीब 10 साल बाद गणेशोत्सव मनाया जा रहा है। मंगलवार को यहां सुंदरकांड का पाठ हुआ था। बुधवार को गणपति बप्पा की पूरी गाथा पर आधारित नृत्य-नाट्य प्रस्तुत किया गया। इसमें शहर के युवा कलाकारों और भावेश डांस ग्रुप की टीम ने प्रस्तुति दी। कृष्णा यादव और शिवानी मारू ने मुख्य किरदार निभाए। रैनी यादव और जया जोशी ने भी प्रस्तुति में सहयोग किया। कलाकारों ने नृत्य और अभिनय के जरिए धार्मिक प्रसंगों को मंच पर प्रस्तुत किया। कार्यक्रम देखने के लिए श्रद्धालु मौजूद रहे। इन धार्मिक प्रसंगों का होगा मंचन कालिका माता मंदिर में 17 सितंबर को शिशुपाल वध, 18 को आदिशक्ति-महिषासुर वध, 19 को अंतिम हिंदू सम्राट पृथ्वीराज चौहान और 20 सितंबर को किष्किंधा कांड-बाली सुग्रीव युद्ध की प्रस्तुति होगी। 21 सितंबर को नृसिंह अवतार, 22 को द्रौपदी चीरहरण और 23 सितंबर को वीरभद्र-शिवशक्ति के प्रचंड रूप का मंचन किया जाएगा। एमजी रोड के पंडाल में रोजाना कार्यक्रम शहर के एमजी रोड क्षेत्र स्थित निजी गणेश पंडाल में भी गणेशोत्सव की शुरुआत से रोजाना अलग-अलग सांस्कृतिक कार्यक्रम हो रहे हैं। धार्मिक, सांस्कृतिक और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों के साथ यहां गणेश दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी हुई है। स्थानीय कलाकारों को मिल रहा मंच शहर के विभिन्न गणेश पंडालों में धार्मिक और ऐतिहासिक प्रसंगों को नृत्य, नाट्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए मंचित किया जा रहा है। इससे स्थानीय बच्चों, युवाओं और कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। गणेशोत्सव के आगामी दिनों में भी शहर के अलग-अलग पंडालों में कार्यक्रमों का सिलसिला जारी रहेगा। तस्वीरे देखिए…
Source link
बड़वानी में गणेशोत्सव पर पृथ्वीराज चौहान की प्रस्तुति:कालिका माता मंदिर में गणपति गाथा; एमजी रोड पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रम
