![]()
धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में बुधवार की शाम एक बार फिर जमीन धंसने की घटना हुई है। इस बार करीब आधे दर्जन घर जमींदोज हो गए, जबकि 55 घर प्रभावित बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस घटना से करीब 500 लोग प्रभावित हुए हैं। घरों में दरारें आने के बाद लोग अपना सामान निकालकर सुरक्षित जगहों पर जा रहे हैं। सामुदायिक भवन धंसने से टूट गया छाताबाद में जमीन धंसने की यह तीसरी घटना है। इससे पहले 7 जुलाई और 7 अगस्त को भी यहां जमीन धंसी थी। पिछली घटनाओं के बाद जिन परिवारों को एक सामुदायिक भवन में अस्थायी रूप से रखा गया था, वह भवन भी अब धंसने से टूट गया है। घटना वाली जगह के आसपास सड़कों पर दरारें दिख रही हैं और जमीन धंसने के निशान भी हैं। कई परिवार अपने घर छोड़कर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। लोगों का कहना है कि बार-बार जमीन धंसने से अब उन्हें अपने घरों में रहने का डर लगने लगा है। BCCL पर वादे पूरे नहीं करने का आरोप प्रभावित परिवारों ने BCCL पर आरोप लगाया है कि उसने समझौते के दौरान किए गए वादे पूरे नहीं किए। लोगों की मांग है कि प्रभावित परिवारों का ठीक से पुनर्वास किया जाए और जमीन धंसने वाले इलाके में भराई का काम कराया जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछली घटनाओं के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। स्थानीय पार्षद मो. शहाबुद्दीन ने बताया कि इस घटना से करीब 500 लोग प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि लंबे आंदोलन के बाद BCCL प्रबंधन ने पुनर्वास, जगह का सर्वे और प्रभावित इलाके में भराई का भरोसा दिया था, लेकिन अभी तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। घटना की जानकारी मिलने पर बाघमारा के सीओ गिरजानंद किस्कु मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगह पर भेजने की बात कही। सीओ ने बताया कि अभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगह पर ले जाया जाएगा। इसके बाद BCCL प्रबंधन के साथ बैठक करके समस्या के समाधान पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
धनबाद में जमीन धंसने से आधे दर्जन घर जमींदोज:छाताबाद में 55 घरों पर संकट, लोग घर छोड़कर खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर
