सुजीत कुमार | बलरामपुर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बलरामपुर में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से सोमवार को भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर बलरामपुर पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने सीमावर्ती इलाकों में पैदल गश्त कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की।
अभियान के दौरान संयुक्त टीम ने सीमा क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों, भीड़भाड़ वाले इलाकों और प्रमुख रास्तों पर भ्रमण किया। पुलिस और एसएसबी जवानों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए वाहनों और लोगों की तलाशी ली। टीम ने इंडो-नेपाल बॉर्डर से जुड़े गांवों में लगातार गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय स्तर पर होने वाली गतिविधियों की जानकारी जुटाई।

तस्करी और अवैध गतिविधियों पर विशेष फोकस
संयुक्त अभियान के दौरान सीमा पार से होने वाली मादक पदार्थों की तस्करी, मानव तस्करी, गौ तस्करी, अवैध कटान और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई। अधिकारियों ने कहा कि सीमा क्षेत्र में किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्रामीणों से संवाद कर सतर्क रहने की अपील
पुलिस और एसएसबी की टीम ने सीमावर्ती गांवों की ग्राम सुरक्षा समितियों और स्थानीय संभ्रांत नागरिकों के साथ संवाद किया। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, जिससे समय रहते कार्रवाई की जा सके।

सीमा सुरक्षा को लेकर अलर्ट मोड पर पुलिस
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सीमा क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और सीमा पार अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे। बलरामपुर पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीमें हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं।

