![]()
बरेली। गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर बरेली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। एसएसपी अनुराग आर्य ने गूगल मीट के जरिए अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। इसमें उन्होंने विसर्जन जुलूसों और प्रतिमा स्थलों की सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए। एसएसपी ने जुलूसों में बॉक्स फॉर्मेशन में पुलिस बल लगाने को कहा। साथ ही, हर प्रतिमा स्थल पर 12-12 घंटे की शिफ्ट में 24 घंटे पुलिस ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए। एसएसपी ने अधिकारियों से विसर्जन मार्गों, संवेदनशील जगहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों का पहले से दौरा कर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था देखने को कहा। उन्होंने साफ किया कि थाना क्षेत्र में होने वाली छोटी से छोटी घटना की जानकारी भी तुरंत बड़े अधिकारियों को दी जाए। सामान्य दिखने वाली घटनाओं को भी गंभीरता से लेकर समय रहते कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। विसर्जन के दौरान सोशल मीडिया पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए गए। भ्रामक, भड़काऊ या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट सामने आने पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया। शांति व्यवस्था पर असर डालने वाले अराजक और असामाजिक तत्वों पर खास नजर रखने और उनके खिलाफ रोकथाम व कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एसएसपी ने डायल-112, पीआरवी और थाना पुलिस को पूरी सतर्कता से काम करने को कहा। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त करते रहने के निर्देश भी दिए गए। इसके साथ ही, अपराध नियंत्रण, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी और रोकथाम की कार्रवाई की भी समीक्षा की गई। थाना स्तर पर आने वाली लोगों की शिकायतों का अच्छी गुणवत्ता के साथ और समय पर निपटारा करने के निर्देश दिए गए। पुलिसकर्मियों को आम लोगों के साथ संवेदनशील और अच्छा व्यवहार रखने को भी कहा गया। एसएसपी ने बताया कि जिले में दोबारा संवाद कार्यक्रम शुरू किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों से स्थानीय नागरिकों और गणमान्य लोगों के साथ नियमित बातचीत करने को कहा। इस बैठक में एएसपी, सीओ और सभी थाना प्रभारी शामिल रहे। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी गणेश विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में पूरे कराए जाएं।
Source link
गणेश विसर्जन से पहले बरेली पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा:जुलूसों में बॉक्स फॉर्मेशन, प्रतिमा स्थलों पर 24 घंटे पहरा; अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
