.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर AAP से जुड़ी रही। पार्टी ने 2027 के चुनाव की तैयारियां शुरू करते हुए पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) की मीटिंग की। पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि लोग भगवंत मान को फिर से मुख्यमंत्री देखना चाहते हैं।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. 2027 चुनाव भगवंत मान ही AAP का CM चेहरा

पंजाब में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। दिल्ली में हुई पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (PAC) बैठक में पंजाब समेत चुनावी राज्यों की रणनीति और संगठन को लेकर चर्चा हुई। AAP पहले ही उम्मीदवारों को समय से पहले मैदान में उतारने और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने की तैयारी में जुटी है।
बैठक के बाद पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने कहा कि नेताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व पर भरोसा जताया है। उन्होंने दावा किया कि पंजाब की जनता मान सरकार के काम से खुश है और उन्हें दोबारा मुख्यमंत्री देखना चाहती है। लोग नशा, भ्रष्टाचार और व्यापारियों से लूट का दौर दोबारा नहीं देखना चाहते। इसी बीच समाना में MLA चेतन सिंह जौड़ामाजरा की सीट पर AAP ने अकाली दल से आए सुरजीत रखड़ा को हल्का इंचार्ज बना दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
2. लॉरेंस गैंग की खुली धमकी- कनाडा पर राज करेंगे

गैंगस्टर लॉरेंस गैंग ने कनाडा सरकार, सेना और पुलिस को धमकी भरी चिट्ठी भेजी है। जिसमें कहा गया है कि कनाडा पर हम राज करेंगे। कनाडा की CBC न्यूज के मुताबिक, यह चिट्ठी 2025 में भारत से कनाडा भेजी गई थी। इमिग्रेशन एंड रिफ्यूजी बोर्ड की कार्यवाही के रिकॉर्ड में भी इसका जिक्र है। पत्र को एडमॉन्टन पुलिस की ऑर्गनाइज्ड क्राइम ब्रांच ने रिकॉर्ड में शामिल कर एबॉट्सफोर्ड पुलिस को भेजा है।
इस चिट्ठी में खुद को भारतीय गैंग बताते हुए कनाडा की पुलिस को चेतावनी दी गई कि दखल देने पर पुलिस स्टेशनों पर गोलीबारी हो सकती है। कनाडा में हमारे 5 हजार से ज्यादा मेंबर हैं। यहां कोई भी कारोबारी हो, सबको प्रोटेक्शन मनी देनी होगी। लॉरेंस 2015 से गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। कनाडाई एजेंसियां उसके नेटवर्क को 2025 की कई फायरिंग और रंगदारी मामलों से जोड़कर जांच कर रही हैं (पढ़ें पूरी खबर)
3. शराब ठेके पर धमाका, ग्राहकों में हड़कंप

चंडीगढ़ में एक्टिवा सवार 2 युवकों ने शराब ठेके पर धमाके की कोशिश की। 14 सितंबर शाम करीब 6:50 बजे दोनों ठेके के बाहर पहुंचे। पीछे बैठे युवक ने सर्विस विंडो के अंदर विस्फोटक जैसी वस्तु फेंकी, लेकिन निशाना चूक गया। वस्तु ग्राहकों के पैरों के पास गिरकर फट गई। धमाके के बाद वहां अफरातफरी मच गई और लोग भागने लगे। दोनों आरोपी एक्टिवा से फरार हो गए।
खुड्डा अलीशेर के पास खुले इस शराब ठेके के मैनेजर ने तुरंत 112 पर सूचना दी। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है। ठेका संचालक ने बताया कि 9 सितंबर को एक महिला ठेके के बाहर मोबाइल से वीडियो बनाती दिखी थी। उसकी फुटेज भी पुलिस को दी गई है। पुलिस महिला और दोनों युवकों की पहचान कर रही है (पढ़ें पूरी खबर)
4. गिप्पी ग्रेवाल का बिजनेस क्लास का टिकट, इकोनॉमी सीट मिली

पंजाबी सिंगर-एक्टर गिप्पी ग्रेवाल ने एयर कनाडा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि बिजनेस क्लास सीट के लिए पेमेंट करने के बावजूद उन्हें इकोनॉमी सीट दी गई। स्टाफ से सवाल करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। उन्होंने दावा किया कि उन्हें कहा गया कि ऐसा हो गया है और अब कुछ नहीं किया जा सकता। लगातार सवाल करने पर उन्हें फ्लाइट छोड़ने या विमान से उतरने की बात कही गई।
गिप्पी ने कहा कि वह कोई अतिरिक्त सुविधा नहीं मांग रहे थे, सिर्फ अपनी भुगतान की गई सीट और इसका कारण जानना चाहते थे। गिप्पी की पोस्ट पर एयर कनाडा ने माफी मांगते हुए बुकिंग रेफरेंस और टिकट पर दर्ज नाम DM करने को कहा, ताकि मामले की जांच की जा सके। एयरलाइन ने सीट बदलने की वजह नहीं बताई। गिप्पी ने AC1504 फ्लाइट को लेकर शिकायत की थी, जो टोरंटो से न्यूयॉर्क जाती है (पढ़ें पूरी खबर)
5. BJP नेता खली बोले- अमृतपाल ही नशा मिटा सकते हैं

पूर्व WWE चैंपियन और भाजपा नेता द ग्रेट खली ने जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह के समर्थन में बयान दिया है। 18 सितंबर से शुरू होने वाली भाजपा की नशा मुक्त यात्रा से पहले खली ने कहा कि पंजाब को नशे से मुक्त कराने में अमृतपाल की भूमिका हो सकती है। अमृतपाल को जेल से बाहर आकर राजनीति में काम करने का मौका मिलना चाहिए। खली के मुताबिक, अमृतपाल ने युवाओं को अमृत छकाने, पगड़ी पहनने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया है।
खली ने कहा- अमृतपाल को सिर्फ नकारात्मक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए और उनकी नीयत व काम को भी देखा जाना चाहिए। खली ने पंजाब की AAP सरकार की मुफ्त सुविधाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर CM भगवंत मान अपना खेत बेचकर लोगों को मुफ्त सुविधाएं दें, तब इसे सही मायने में फ्री कहा जा सकता है। खली ने यह भी कहा कि उन्हें खुद चुनाव लड़ने या जालंधर से टिकट लेने की इच्छा नहीं है (पढ़ें पूरी खबर)
6. बेटी को बचाने दौड़े पिता को ट्रेन ने कुचला

जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन पर बेटी को बचाने की कोशिश में पिता की मौत हो गई। हादसा बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हुआ। पश्चिमी दिल्ली के विष्णु गार्डन निवासी शमशेर सिंह संधू अपनी 13 वर्षीय बेटी हरलीन कौर के साथ शान-ए-पंजाब ट्रेन से ब्यास डेरे जा रहे थे। ट्रेन जालंधर स्टेशन पर रुकी तो शमशेर कुछ सामान लेने नीचे उतरे। इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी। उनकी बेटी भी दरवाजे तक आ गई थी। ट्रेन के झटके से हरलीन नीचे गिर गई।
उसे बचाने दौड़े शमशेर का पैर प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच फंस गया। वह नीचे गिर गए और सिर में गंभीर चोट लगी। मौके पर मौजूद लोगों और पुलिस ने दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने शमशेर को मृत घोषित कर दिया। हरलीन को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। परिजन उसे सिरसा के निजी अस्पताल ले गए। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजन को सौंप दिया गया (पढ़ें पूरी खबर)
7. भीड़ ने सिख समाजसेवी का लंगर लूटा

बिहार में बाढ़ पीड़ितों के लिए फल बांटने पहुंचे सिख समाजसेवी सहज दुग्गल की टीम के साथ रास्ते में लूट हो गई। घटना मंगलवार 15 सितंबर को पटना के एक प्रभावित गांव के रास्ते पर हुई। सहज अपनी टीम ‘हर मैदान फतेह’ के साथ सेब, अमरूद, पपीता और अनार लेकर जा रहे थे। रास्ते में बच्चों को फल बांटने के लिए गाड़ी रोकी तो करीब 100 लोग जुट गए। देखते ही देखते लोगों ने ट्रॉली से सारे फल छीन लिए।
सहज ने दावा किया कि इस दौरान उनकी बेटियों से भी धक्का-मुक्की हुई। वीडियो में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी फल ले जाते दिख रहे हैं। सहज ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर कहा कि हजारों रुपए के फल थे, जिन्हें लोगों ने बर्बाद कर दिया। उन्होंने लोगों को ऐसा न करने के लिए समझाया। यमुनानगर निवासी सहज कोरोना काल से सेवा कार्य कर रहे हैं। उनकी टीम नेपाल और पंजाब की बाढ़ में भी राहत सामग्री बांट चुकी है (पढ़ें पूरी खबर)
8. ED पूछताछ के बाद अनुराग वर्मा का विभाग बदला

पंजाब सरकार ने IAS अधिकारी अनुराग वर्मा को वित्त कमिश्नर (राजस्व) के पद से हटा दिया है। उन्हें अब अतिरिक्त मुख्य सचिव के तौर पर कृषि और परिवहन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। राजस्व विभाग का चार्ज IAS अधिकारी जसप्रीत तलवार को सौंपा गया है। यह बदलाव ED की पूछताछ के करीब एक सप्ताह बाद हुआ है। अनुराग वर्मा 1993 बैच के IAS अधिकारी हैं और पंजाब के मुख्य सचिव भी रह चुके हैं।
वे मोहाली के सनटेक सिटी और अल्टस स्पेस बिल्डर्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ED की जांच के दायरे में हैं। ED ने उनसे 9 सितंबर को जालंधर स्थित कार्यालय में पूछताछ की थी। जांच में रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स के लिए चेंज ऑफ लैंड यूज (CLU) मंजूरी और लेआउट में कथित अनियमितताओं की पड़ताल हो रही है। ED के अनुसार मामले में करीब 348 करोड़ रुपए के कथित अपराध की जांच चल रही है (पढ़ें पूरी खबर)
9. SGPC सदस्य चावला पर रेप की FIR

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) सदस्य और शिरोमणि अकाली दल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह चावला के खिलाफ आनंदपुर साहिब थाने में रेप की FIR दर्ज हुई है। मालवा क्षेत्र की महिला ने शिकायत में यौन शोषण, बंधक बनाने और धमकाने के आरोप लगाए हैं। FIR में 27 फरवरी से 19 अगस्त 2026 के बीच की घटनाओं का जिक्र है। महिला के मुताबिक वह बहरीन से धार्मिक यात्रा के लिए श्री आनंदपुर साहिब आई थी।
महिला का आरोप है कि चावला उसे अलग-अलग स्थानों पर ले गए और कई बार रेप किया। विरोध करने पर धमकाया और कमरे में बंद रखा। महिला ने न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने भी बयान दर्ज कराया है। FIR के बाद चावला ने SGPC सदस्यता और SAD के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने आरोपों को झूठा और साजिश बताया। चावला ने कहा कि अदालत से निर्दोष साबित होने तक वे किसी पद पर नहीं रहेंगे (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके
10. ड्राइवर उतरा, MG विंडसर EV कार खुद चलने लगी

लुधियाना में MG विंडसर EV के अपने आप चलने का वीडियो वायरल हुआ है। कार मालिक के मुताबिक, गाड़ी करीब 10 किमी/घंटे की रफ्तार से बिना ड्राइवर आगे बढ़ी। मालिक पीछे दौड़ते हुए लोगों को बचने के लिए चिल्लाता रहा। कुछ दूर जाकर कार ने रेहड़ी को टक्कर मारी और पेड़ से जा भिड़ी। मालिक ने कार में तकनीकी खराबी का दावा किया।
इसको लेकर MG शोरूम के सर्विस सेंटर के GM प्रवेश कुमार ने कहा कि घटना ड्राइवर की टेक्निकल जानकारी की कमी से हुई लगती है। संभव है कि कार को पार्किंग मोड में नहीं डाला गया हो। तकनीकी एक्सपर्ट के मुताबिक, विंडसर EV में D मोड और इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक रिलीज होने पर क्रीप फीचर के कारण कार बिना एक्सेलरेटर धीरे-धीरे चल सकती है। कार की कीमत करीब 17-19 लाख रुपए है (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
