![]()
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला। यह शव झलकडीहा और ताराजोरी पंचायत की सीमा पर स्थित काशीटांड़ जंगल में गुरुवार को फांसी के फंदे से लटका मिला। इस खबर से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और युवक की पहचान कराने के साथ मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई जानकारी के अनुसार, गुरुवार को कुछ ग्रामीण काशीटांड़ जंगल से गुजर रहे थे। तभी उनकी नजर पेड़ से लटके युवक के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी जानकारी आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। इसके बाद ग्रामीणों ने बेंगाबाद थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। इसके बाद घटनास्थल की जांच की गई। पुलिस ने आसपास के इलाके का भी जायजा लिया और ग्रामीणों से घटना के संबंध में जानकारी ली। युवक की पहचान कराने की कोशिश जारी थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि अभी तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। आसपास के ग्रामीणों और पंचायत क्षेत्र के लोगों से पूछताछ कर युवक की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस इस मामले को आत्महत्या और दूसरे संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। युवक जंगल तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत किन हालात में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही साफ हो पाएगा कि युवक ने खुदकुशी की है या उसकी मौत के पीछे कोई और वजह है।
Source link
जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव:बेंगाबाद के ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस, हत्या या आत्महत्या की जांच शुरू
