![]()
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला के धरमजयगढ़ विकासखंड के ससकोबा और गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकानों में खाद्य विभाग की जांच के दौरान 1,204 क्विंटल से अधिक चावल समेत शक्कर और नमक की कमी सामने आई थी। दोनों मामलों में करीब 31.75 लाख रुपए के खाद्यान्न की कमी पाये जाने के बाद मामले की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया। जहां मामले में फरार आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला धर्मजयगढ़ थाना क्षेत्र का है। मिली जानकारी के मुताबिक खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को ग्राम ससकोबा की शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच की थी। जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक, कुल करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपए का खाद्यान्न कम पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि अगस्त महीने में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर अंगूठा लगवाने के बाद भी उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया था। मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ थाना में रिपोर्ट दर्ज कराया गया। जहां पुलिस द्वारा उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया फरार है।
गनपतपुर दुकान में 18.86 लाख का खाद्यान्न गायब दूसरे मामले में ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। खाद्य विभाग के अनुसार इसकी कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपए है। जांच में दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शाहनवाज उर्फ मौसम खान द्वारा किया जाना पाया गया। खाद्य विभाग के अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया था।
गांव में दिखा तो पुलिस ने दबिश देकर पकड़ा मामला दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपी शाहनवाज खान की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान आरोपी के गांव में देखे जाने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर शाहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।
तीन आरोपी अब भी फरार दोनों प्रकरणों में पुलिस की कार्रवाई जारी है। ससकोबा उचित मूल्य दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया व गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान की गिरफ्तारी अभी शेष है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Source link
रायगढ़ में राशन सामग्री गड़बड़ी का फरार आरोपी गिरफ्तार:31.75 लाख रुपए के खाद्यान्न की कमी का मामला, ससकोबा और गनपतपुर राशन दुकानों में मिली थी बड़ी गड़बड़ी
