![]()
मथुरा में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर मथुरा-वृंदावन विधायक पं. श्रीकांत शर्मा ने स्वास्थ्य विभाग को दो एंबुलेंस दीं। ये एंबुलेंस विधायक निधि से खरीदी गई हैं। गुरुवार दोपहर करीब 1 बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में हुए कार्यक्रम में विधायक ने दोनों एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनकी कुल लागत 24 लाख 15 हजार रुपये है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राधावल्लभ ने बताया कि विधायक जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार मदद कर रहे हैं। साल 2019 में कोरोना महामारी की रोकथाम के लिए 87 लाख 28 हजार 987 रुपये की रकम से जरूरी उपकरण और लॉजिस्टिक सामग्री दी गई थी। साल 2021 में 48 लाख 68 हजार 900 रुपये की रकम से आरएनए एक्सट्रेक्टर और आरटीपीसीआर मशीन वेटरनरी कॉलेज, मथुरा को दी गई। इसी साल जिला पुरुष चिकित्सालय में ऑक्सीजन प्लांट के लिए 92 लाख 50 हजार रुपये दिए गए। साल 2022 में 30 लाख 79 हजार 104 रुपये की लागत से दो एंबुलेंस जिला अस्पताल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के लिए दी गई थीं। वहीं, साल 2025 में एएनएम प्रशिक्षण केंद्र में 25 लाख रुपये की लागत से सेमिनार हॉल बनाया गया। विधायक ने ब्रज चिकित्सा संस्थान को एक एंबुलेंस और एक शव वाहन देने का भरोसा दिया। साथ ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में आरओ प्लांट लगाने का भी ऐलान किया। बताया गया कि विधायक निधि से अब तक करीब 3.10 करोड़ रुपये स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए दिए जा चुके हैं। इस कार्यक्रम में उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीडी गौतम, डॉ. विकास जैन, डॉ. गोपाल बाबू, डॉ. भूदेव सिंह, डॉ. रोहतास तेवतिया, डॉ. रोहतास मीना, डॉ. अनुज कुमार यादव सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे।
Source link
विधायक निधि से स्वास्थ्य विभाग को मिलीं 2 नई एंबुलेंस:मथुरा-वृंदावन विधायक ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, मरीजों को मिलेगी सुविधा
