Headlines

बिलासपुर में मालगाड़ी हुई बेपटरी, तीन दिन में दूसरा हादसा:करगी रोड स्टेशन पर मालगाड़ी के 3 डिब्बे गिरे, जेसीबी का बकेट फंसने की आशंका




दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर रेल मंडल में तीन दिन के भीतर दूसरा रेल हादसा सामने आया है। शनिवार को बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में मालगाड़ी का वैगन पटरी से उतरने के बाद सोमवार को करगी रोड रेलवे स्टेशन पर एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे बेपटरी हो गए। राहत की बात यह रही कि दोनों घटनाओं में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन लगातार हो रही रेल दुर्घटनाओं ने रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैक पर चल रहे कार्यों की निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोमवार को बिलासपुर रेल मंडल के कोटा क्षेत्र स्थित करगी रोड रेलवे स्टेशन पर बड़ा रेल हादसा टल गया। प्लेटफॉर्म नंबर-2 से गुजर रही एक मालगाड़ी के तीन डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, आरपीएफ और इंजीनियरिंग विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ट्रैक बहाली का काम शुरू किया गया। डिब्बों के नीचे मिला जेसीबी का बकेट
हादसे के दौरान डिब्बों के नीचे जेसीबी मशीन का बकेट फंसा हुआ मिला, जिससे घटना और भी संदिग्ध हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह को लेकर अलग-अलग दावे सामने आ रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे ट्रैक के पास चल रहे कार्य के दौरान जेसीबी का बकेट मालगाड़ी की चपेट में आ गया। वहीं, कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कुछ युवक जेसीबी का बकेट रेलवे लाइन पार करा रहे थे। इसी दौरान मालगाड़ी उससे टकरा गई और बकेट डिब्बों में फंस गया, जिससे तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। रेलवे ने नहीं की आधिकारिक पुष्टि
हालांकि, रेलवे प्रशासन ने अभी तक हादसे की वजह को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। सीनियर डीसीएम अनुराग कुमार का कहना है कि घटना के हर पहलू की तकनीकी जांच की जा रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसा तकनीकी खामी या किसी अन्य कारण से हुआ। राहत की बात- कोई हताहत नहीं
हादसे में किसी यात्री या रेलवे कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने बेपटरी डिब्बों को हटाने और ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करने का काम शुरू किया। कुछ समय बाद रेल संचालन को सामान्य करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। तीन दिन में दूसरा हादसा
यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि शनिवार को बिलासपुर के तारबाहर क्षेत्र में भी एक मालगाड़ी का वैगन बेपटरी हो गया था। लगातार तीन दिनों के भीतर मालगाड़ियों के दो बार पटरी से उतरने की घटनाओं ने रेल सुरक्षा, ट्रैक मेंटेनेंस और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जांच रिपोर्ट का इंतजार
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल से तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आरपीएफ भी पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। यदि जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *