Headlines

वेतन भुगतान के आश्वासन पर निगम कर्मियों का धरना खत्म:मुजफ्फरपुर में दो दिनों से धरने पर थे सफाई कर्मी, 15 दिनों में मांग पूरी करने का आश्वासन




मुजफ्फरपुर नगर निगम के सफाई कर्मियों और कर्मचारियों का मानदेय, वेतन और पेंशन भुगतान को लेकर दो दिवसीय धरना सोमवार को समाप्त हो गया। नगर आयुक्त ऋतुराज प्रताप सिंह के साथ हुई वार्ता के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया। नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि बिल तैयार कर अगले 15 दिनों के अंदर लंबित मानदेय और वेतन का भुगतान करा दिया जाएगा। इसके लिए उन्होंने उप नगर आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश भी दिया है। नगर आयुक्त ने जल्द भुगतान का दिलाया भरोसा धरना का नेतृत्व कर रहे अशोक राय ने बताया कि नगर आयुक्त की ओर से वार्ता के लिए बुलाया गया था। बैठक में कर्मचारियों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने भरोसा दिलाया कि भुगतान प्रक्रिया जल्द पूरी कर ली जाएगी। इसी आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने दो दिवसीय धरना समाप्त करने का फैसला लिया। धरना के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि समय पर वेतन, मानदेय और पेंशन नहीं मिलने से उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। कई महीनों से भुगतान लंबित रहने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों ने नगर आयुक्त को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन भी सौंपा।
समय पर भुगतान नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन होगा आंदोलन हालांकि कर्मचारियों ने साफ कर दिया कि यदि इस महीने के अंत तक भुगतान नहीं हुआ तो वे फिर से आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। उनका कहना है कि अगली बार आंदोलन अनिश्चितकालीन होगा और मांगें पूरी होने तक धरना जारी रहेगा। कर्मचारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन अपने आश्वासन पर अमल करेगा, ताकि उन्हें दोबारा आंदोलन के लिए मजबूर नहीं होना पड़े।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *