![]()
अनूपपुर जिले के एसईसीएल कोतमा जमुना क्षेत्र की बरतराई खदान से सटे ग्राम मलगा में पीएमश्री स्कूल के बिल्कुल पास अचानक जमीन धंस गई। विद्यालय में 800 से अधिक छात्र-छात्राएं पढ़ाई करते हैं, जिससे इस घटना के बाद से पूरे इलाके में डर और चिंता का माहौल है। खदान प्रबंधन ने बताया ‘डेवलपमेंट एरिया’ जमीन धंसने की खबर मिलते ही बरतराई खदान के प्रबंधक अनिल कुमार यादव और माइनिंग सरदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने धंसे हुए हिस्से का मुआयना किया और इसे खदान का ‘डेवलपमेंट एरिया’ बताया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि इस गड्ढे को जल्द ही भर दिया जाएगा। साथ ही सुरक्षा के लिहाज से यहां फेंसिंग की जाएगी और चेतावनी बोर्ड भी लगाया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, इस इलाके में फिलहाल कोई ‘गोफ’ नहीं बनी है। जमीन में दिखने लगीं दरारें, बड़े हादसे का डर खदान प्रबंधन के आश्वासनों के बाद भी स्कूली बच्चों, शिक्षकों और ग्रामीणों के मन से डर कम नहीं हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जमीन अचानक धंसी है और इसके आसपास के बड़े हिस्से में खतरनाक दरारें साफ दिखाई दे रही हैं। लोगों को डर है कि अगर समय रहते पुख्ता सुरक्षा इंतजाम नहीं किए गए या जमीन का सही से परीक्षण नहीं हुआ, तो कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना घट सकती है। पटवारी के न आने पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा इस गंभीर मामले की जानकारी मिलने के बाद भी इलाके के हल्का पटवारी मौके पर नहीं पहुंचे, जिससे ग्रामीणों में प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी है। लोगों ने राजस्व विभाग और खनन से जुड़े आला अधिकारियों से तुरंत मौके पर आकर हकीकत देखने की मांग की है। भू-वैज्ञानिक सर्वे कराने की मांग ग्रामीणों ने सुर क्षा को देखते हुए मांग की है कि अगर खदान के काम की वजह से जमीन धंस रही है, तो इसकी उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। जिला प्रशासन से अपील की गई है कि स्कूल परिसर और आसपास के पूरे इलाके का भू-वैज्ञानिक सर्वे कराया जाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों की सुरक्षा पक्की हो सके।
Source link
अनूपपुर में खदान के पास धंसी जमीन:पास की स्कूल के 800 बच्चों और ग्रामीणों में दहशत; पटवारी के न पहुंचने पर भड़के
