मौसम विभाग ने झारखंड के विभिन्न हिस्सों में 21 सितंबर तक बारिश होने की संभावना जताई है। शुक्रवार को राज्य में कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और 30-40 किमी प्रति घंटा की गति से तेज हवा चल सकती है।
.
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले पांच दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने लोगों को गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी है।
18 सितंबर को दक्षिण, मध्य और उत्तर-पश्चिम झारखंड में कहीं-कहीं गर्जन, वज्रपात और तेज हवा की संभावना जताई गई है।
इस दौरान रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद समेत मध्य झारखंड के जिलों में भी मौसम का बदलाव देखने को मिल सकता है।

बोकारो में हुई गुरुवार को तेज बारिश।
21 तक बारिश से नहीं मिलेगी राहत
मौसम विभाग के अनुसार, 19 और 20 सितंबर को भी राज्य के अलग-अलग हिस्सों में गर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है। 19 सितंबर को उत्तर-पूर्वी झारखंड में इसका असर रहने की संभावना है। 20 सितंबर को राज्य में कहीं-कहीं मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा चल सकती है।
इसके बाद 21 सितंबर को भी सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या मेघ गर्जन हो सकता है। हालांकि इस दिन के लिए मौसम विभाग ने किसी विशेष चेतावनी की संभावना नहीं जताई है।

कई जिलों में 20 फीसदी से कम बारिश
मौसम विभाग के 1 जून से 17 सितंबर तक के आंकड़ों के अनुसार राज्य के कई जिलों में सामान्य बारिश की तुलना में 20 फीसदी से अधिक कमी दर्ज की गई है। आंकड़ों के मुताबिक रांची में अब तक 1067.7 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य बारिश 954 मिमी है।
वहीं, पूर्वी सिंहभूम में 1039 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य 1000.8 मिमी से करीब 4 फीसदी अधिक है। सिमडेगा में भी सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई है।
बोकारो में 724.6 मिमी बारिश के मुकाबले सामान्य बारिश 834.4 मिमी रही। धनबाद में भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। हजारीबाग में 725.9 मिमी के मुकाबले सामान्य बारिश 957.2 मिमी है, जबकि कोडरमा में 597.9 मिमी बारिश हुई है और सामान्य आंकड़ा 799.6 मिमी है। साहिबगंज में भी सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई। पाकुड़ में बारिश की कमी और अधिक रही है।
