रोहतक4 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बच्ची की क्लास में कक्षा पांच का छात्र करीब आधा घंटा बैठा रहा। पुलिस ने इस वीडियो की जांच शुरू कर दी है।
रोहतक में प्राइवेट प्ले स्कूल की चार साल की छात्रा से बैड टच के मामले में पुलिस ने रेप की धाराओं में केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि बच्ची के प्राइवेट पार्ट पर रेडनेस मिली है।
उधर, मामले से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें 5वीं कक्षा का एक छात्र बच्ची की क्लास में दिखाई दे रहा है। वह बच्ची के पास करीब आधे घंटे तक बैठा रहा। इससे पहले परिजन जब बच्ची को स्कूल लेकर गए तो वह अपनी मां को शौचालय की ओर ले गई और बोली- स्कूल के एक भैया ने यहां मेरे साथ गलत काम किया।
पुलिस स्कूल स्टाफ के अलावा वीडियो में दिखाई देने वाले छात्र से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। देर रात परिजन उसे अस्पताल से डिस्चार्ज करवाकर अपने साथ ले गए। फिलहाल, पुलिस बच्ची के ठीक होने का इंतजार कर रही है।
वहीं बच्ची के पिता ने आरोप लगाया- ‘स्कूल भाजपा के एक मंत्री के रिश्तेदार का है। इसलिए पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही। सिर्फ आश्वासन दिए जा रहे हैं।’

गुरुवार को स्कूल में हुए हंगामे के दौरान ग्रामीणों को समझातीं महिला पुलिसकर्मी।
बच्ची के पिता ने सामने आकर बताया पूरा घटनाक्रम…
- 15 सितंबर को ड्रेस चेंज करते वक्त पता चला: बच्ची के पिता ने बताया कि 15 सितंबर को दोपहर करीब डेढ़ बजे स्कूल बस बच्ची को छोड़कर गई थी। जब बच्ची को लेकर उसकी मां घर गई और कपड़े बदले तो प्राइवेट पार्ट पर रेडनेस दिखी। इसके बाद बच्ची से काफी पूछताछ की, तो बच्ची ने स्कूल के एक लड़के पर गलत हरकत करने की बात बताई, जिसे सुनकर उनके होश उड़ गए।
- 16 सितंबर को स्कूल प्रिंसिपल से मिले: पिता ने आगे बताया कि वह 16 सितंबर को स्कूल में गए और बच्ची द्वारा बताई सारी बात प्रिंसिपल को बताई। प्रिंसिपल ने मामले में टालमटोल की और उनसे कहा कि स्कूल में बच्ची के साथ कुछ नहीं हुआ। वह इस मामले में सीसीटीवी भी चेक करवा लेंगी।
- हाथ पकड़ टॉयलेट की ओर मां को ले गई बच्ची : इसी दौरान उनकी बच्ची ने अपनी मां का हाथ पकड़कर शौचालय की तरफ ले गई। बच्ची ने बताया कि स्कूल के एक भैया ने यहां उसके साथ गलत हरकत की है। इसके बाद बच्ची को लेकर वह प्राइवेट अस्पताल गए, जहां डॉक्टर ने उन्हें बताया कि बच्ची के साथ कुछ गलत हुआ है। इसके बाद डॉक्टर ने उन्हें यह कहते हुए पीजीआई भेज दिया कि इस तरह के मामले वहीं हैंडिल होते है।
- पीजीआई डॉक्टर बोले, बच्ची के साथ गलत हुआ: पिता के मुताबिक, वे तुरंत ही अपनी बच्ची को लेकर पीजीआई पहुंचे। पीजीआई के डॉक्टरों ने भी कहा कि बच्ची के साथ गलत हुआ है, लेकिन यह ताजा मामला नहीं है, कुछ दिन पहले का है। इतना जरूर है कि बच्ची के साथ गलत काम किया गया है। पीजीआई में जांच के बाद एमएलआर काटकर पुलिस को सूचना दी गई।

रोहतक में प्राइवेट स्कूल के अंदर हंगामे के बाद अंदर जाते ग्रामीण।
हंगामे के बाद मौके पर स्कूल पहुंचे एसपी
बच्ची से गलत काम होने की पुष्टि होते ही परिवार और बड़ी संख्या ग्रामीण 17 सितंबर को स्कूल पहुंच गए। सभी ने स्कूल स्टाफ पर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही एसपी भी लाखनमाजरा थाना पुलिस के संग मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने प्रिंसिपल और बच्ची की क्लास टीचर से भी बात की।
सीसीटीवी में बच्ची के साथ बैठा दिखा कक्षा पांच छात्र
पीड़िता बच्ची के पिता ने बताया कि पुलिस आई तो स्कूल प्रशासन को सीसीटीवी दिखानी पड़ी। सुबह से लेकर शाम तक फुटेज चेक की गई, जिसके बाद एक 5वीं का बच्चा क्लास में बेटी के साथ करीब आधा घंटा बैठा हुआ दिखाई दिया। एसपी ने परिजनों को सख्त कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
डिस्चार्ज करवाकर घर ले गए परिजन
पिता ने बताया कि उनकी बच्ची काफी डरी और सहमी हुई है। पीजीआई में भी वह काफी परेशान हो रही है। डॉक्टर डिस्चार्ज नहीं कर रहे थे, लेकिन एसपी ने जब फोन करके कहा तो डॉक्टरों ने बच्ची को डिस्चार्ज किया है। देर रात को वह बच्ची को लेकर घर गए है।
राजनीतिक दबाव के कारण नहीं हो रही कार्रवाई
बच्ची के पिता ने कहा कि प्राइवेट स्कूल भाजपा के एक वरिष्ठ नेता व मंत्री के रिश्तेदार का है, जिसके कारण राजनीतिक दबाव में कार्रवाई नहीं हो रही। पुलिस भी मामले में ढिलाई बरत रही है। उन्हें आशंका है कि राजनीतिक दबाव के कारण सबूतों के साथ भी छेड़छाड़ हो सकती है। एक पुलिसकर्मी अपनी बच्ची की सुरक्षा के लिए चाहिए, क्योंकि बच्ची के साथ कुछ भी हो सकता है।
पुलिस ने रेप की धाराओं में FIR दर्ज की
थाना लाखनमाजरा SHO अनिल ने बताया कि पीजीआई के डॉक्टर की ओपिनियन के आधार पर मामले में रेप की धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने स्कूल के सीसीटीवी भी चेक किए है। स्कूल स्टाफ से भी पूछताछ की जाएगी। मामले में जो भी आरोपी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
————————–
ये खबर भी पढ़ें…
रोहतक-स्कूल टॉयलेट में बच्ची से बैड टच का दावा, हंगामा:स्टाफ ने चुपचाप PGI में भर्ती कराया; परिजन बोले- डॉक्टर ने बताया गलत हुआ

रोहतक के एक प्राइवेट स्कूल में गुरुवार को हंगामा हुआ। स्कूल के बाहर जुटे लोगों ने आरोप लगाया कि नर्सरी में पढ़ने वाली साढ़े 4 साल की बच्ची के साथ गलत हरकत हुई है। स्कूल प्रबंधन ने बुधवार को चुपचाप बच्ची को पीजीआई में भर्ती करा दिया। उसके बाद परिवार को सूचना दी। (पूरी खबर पढ़ें)

