![]()
कनाडा में रहने वाले पंजाबियों समेत सभी भारतीयों को अब दिवंगत परिजनों की अस्थियां विसर्जित करने के लिए भारत आने की जरूरत नहीं होगी। इसके लिए सरी सरकार ने अस्थि विसर्जन के लिए नदी पर रैंप बना दिया है। सरी पब्लिक वार्फ (सरी का सार्वजनिक घाट) पर अस्थि विसर्जन के लिए आधिकारिक स्थल तैयार किया गया है। यहां परिवार नदी के पानी में अस्थियां विसर्जित कर सकेंगे। हालांकि, इसके लिए अस्थि विसर्जन करने वाले परिवार को पहले से ऑनलाइन बुकिंग करनी पड़ेगी। इसके लिए 14 हजार 500 रुपए फीस भी रखी गई है। साथ ही सरी प्रशासन का एक व्यक्ति भी अस्थि विसर्जन करने वालों के साथ रहेगा। मेयर ब्रेंडा लोक ने कहा कि यह एक संवेदनशील और सम्मानजनक पहल है, जिससे परिवार शांतिपूर्वक और गरिमापूर्ण तरीके से अपने दिवंगत परिजनों को अंतिम विदाई दे सकेंगे। यह परियोजना 2.5 मिलियन डॉलर (लगभग 20.5 करोड़ रुपए) के बजट से तैयार की गई है, जो फिलहाल एक साल के पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरू की गई है। आने वाले वर्षों में इसे और अधिक विकसित किया जाएगा। सालों से उठ रही थी मांग, अब सरकार ने घाट बनायाा भारतीय समुदाय में नदी के पानी में अस्थियां विसर्जित करना महत्वपूर्ण धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा है। सरी सिटी प्रशासन के मुताबिक इसी जरूरत को देखते हुए एक ऐसी जगह विकसित की गई है, जहां परिवार सम्मानजनक तरीके से यह रस्म पूरी कर सकें। 2024 में सिटी काउंसिल ने फ्रेजर नदी के किनारे उपयुक्त जगह तलाशने के निर्देश दिए थे। तकनीकी समीक्षा, लोगों से बातचीत और पर्यावरण आकलन के बाद सरी पब्लिक वार्फ को चुना गया। 21 सितंबर से बुकिंग, 237 डॉलर फीस इस स्थल पर अस्थि विसर्जन के लिए पहले से ऑनलाइन रिजर्वेशन कराना अनिवार्य होगा। सिटी के मुताबिक 21 सितंबर से बुकिंग रिक्वेस्ट स्वीकार की जाएगी। एक सेरेमनी के लिए 237 डॉलर फीस तय की गई है। इसमें बुकिंग मैनेजमेंट, साइट की तैयारी और सिटी स्टाफ की निगरानी जैसी व्यवस्थाएं शामिल हैं। एक समय में एक परिवार, स्टाफ भी रहेगा मौजूद सरी सिटी ने यह व्यवस्था इसलिए बनाई है ताकि परिवारों को निजी और शांत माहौल मिल सके तथा पार्क का इस्तेमाल करने वाले दूसरी लोगों को भी परेशानी न हो। तय समय पर परिवार को साइट पर पहुंचना होगा और सिटी स्टाफ के निर्देशों का पालन करना होगा। मौसम, ज्वार और पानी की स्थिति को देखते हुए सिटी किसी सेरेमनी को रद्द भी कर सकती है। पानी में सिर्फ अस्थियां प्रवाहित करने की अनुमति पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए यहां नियम भी तय किए गए हैं। सिटी की गाइडलाइन के अनुसार पानी में केवल अस्थियां ही प्रवाहित की जा सकती हैं। अन्य सामग्री या पूजा-सामग्री नदी में डालने की अनुमति नहीं होगी। परिवारों को साइट पर लगे निर्देशों का पालन करना होगा। एक साल के पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर शुरुआत सरी सिटी ने इस व्यवस्था को फिलहाल पायलट प्रोजेक्ट के रूप में शुरू किया है। इसका उद्देश्य समुदाय की जरूरत को पूरा करने के साथ पर्यावरण और सार्वजनिक जगह के इस्तेमाल के बीच संतुलन बनाना है। पायलट के दौरान मिलने वाले कम्युनिटी फीडबैक के आधार पर भविष्य में साइट में और सुधार किए जा सकते हैं। मेयर बोलीं- परंपरा के लिए सम्मानजनक जगह सरी की मेयर ब्रेंडा लोक ने कहा कि बहते पानी में अस्थियां प्रवाहित करना कई परिवारों के लिए सांस्कृतिक, धार्मिक और व्यक्तिगत रूप से महत्वपूर्ण परंपरा है। उनके मुताबिक यह प्रोजेक्ट परिवारों को अपने दिवंगत परिजनों को याद करने और उनकी परंपराओं को सम्मान देने के लिए सुरक्षित और सम्मानजनक जगह उपलब्ध कराता है।
Source link
कनाडा से अस्थि-विसर्जन के लिए भारत आने की जरूरत नहीं:सरी में घाट बना, 21 सितंबर से सरकारी वेबसाइट पर बुकिंग होगी; फीस भी तय
