Headlines

फतेहाबाद में 5 युवकों पर लाठी-डंडों और राड से हमला:पैसों के लेन-देन पर विवाद, एक की टांग तोड़ी; चार भागने में कामयाब




फतेहाबाद शहर के भूना मोड़ के पास रात पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर 20-25 युवकों द्वारा 5 युवकों पर लाठी-डंडों और राड से जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। हमले में 4 युवक जैसे-तैसे जान बचाकर भागने में सफल रहे, जबकि हैप्पी नामक युवक पर हमलावरों ने ताबड़तोड़ वार कर उसकी टांग तोड़ दी। बीच बचाव और भागने के दौरान हमलावरों ने पीड़ितों की दोनों बाइकों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। गंभीर रूप से घायल हैप्पी को पहले निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए अन्य अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल के बाहर काफी देर तक हंगामा किया। उधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। आईफोन तोड़ा, ससुराल में भी पथराव मामले में बरसीन निवासी रिपन मेहता (हाल निवासी आरके कॉलोनी) ने बताया कि वह अपने साथी हैप्पी और 3 अन्य दोस्तों के साथ दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर हिसार रोड की तरफ से आ रहा था। जैसे ही वे भूना मोड़ के सामने पहुंचे, सतीश नामक व्यक्ति अपने 20-25 अन्य साथियों के साथ हाथ में लाठी, डंडे और राड लेकर आया और आते ही उन पर हमला बोल दिया। रिपन के अनुसार, हमलावरों ने उसके साथ हाथापाई की, जिसमें उसका आईफोन टूट गया और उसके साथी हैप्पी को बेरहमी से पीटकर उसकी टांग तोड़ दी। आरोप है कि इसके बाद हमलावर रिपन का पीछा करते हुए सुंदर नगर स्थित उसके ससुराल के घर तक जा पहुंचे और वहां जमकर हंगामा करते हुए हल्का पथराव भी किया। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जायजा लिया पीड़ित रिपन मेहता ने बताया कि उसका आरोपी सतीश के साथ रुपए के लेन-देन का विवाद चल रहा है। उसने सतीश से अपने पैसे वापस मांगने थे, इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने दर्जनों साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया गया है और पीड़ित पक्ष के बयानों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *