![]()
अलीगढ़ के अतरौली क्षेत्र के गांव जिरौली धूमसिंह में शनिवार सुबह राजकीय इंटर कॉलेज सहनोल के प्रवक्ता दलवीर सिंह (30) ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। परिजनों के मुताबिक, दलवीर सिंह तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर के थे। वह राजकीय इंटर कॉलेज सहनोल में प्रवक्ता के पद पर तैनात थे। परिवार में पत्नी मंजू देवी और दो बच्चे हैं। पत्नी हरदुआगंज क्षेत्र के भीमगढ़ी गांव के प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका हैं। ड्यूटी के कारण मंजू देवी क्वार्सी क्षेत्र में रहती थीं, जबकि दलवीर सिंह गांव के दूसरे मकान में रहते थे। शनिवार सुबह करीब 7 बजे दलवीर की अपने पिता रामगोपाल से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने कॉलेज से छुट्टी लेने की बात कही थी। इसके बाद करीब 9:12 बजे पिता ने दोबारा फोन कर उन्हें दुकान पर बुलाया। दलवीर दुकान पर नहीं पहुंचे। करीब 9:35 बजे परिजनों को उनके फंदा लगाने की जानकारी मिली। परिजन उन्हें नीचे उतारकर अतरौली के 100 शैय्या संयुक्त अस्पताल ले गए। अस्पताल अधीक्षक अवनेंद्र यादव के मुताबिक, युवक के गले पर फंदे का निशान था और अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी सुरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आत्महत्या के पीछे की वजह अभी सामने नहीं आई है। दलवीर सिंह क्रिकेट के अच्छे खिलाड़ी भी थे। उनकी मौत की खबर से गांव और परिचितों में शोक है। पत्नी, बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
अलीगढ़ में इंटर कालेज के टीचर ने लगाई फांसी:मौके पर नहीं मिला सुसाइड नोट, पुलिस जांच में जुटी
