![]()
डीडवाना-कुचामन जिले के मौलासर थाना क्षेत्र के भदलिया गांव में एक दलित युवक को घर से जबरन उठाकर ले जाने और लाठियों-सरियों से पीटने का मामला सामने आया है।
पीड़ित की शिकायत पर मौलासर पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट समेत कई धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच डीडवाना सीआई उमेश गुप्ता को सौंपी गई है। पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक भदलिया निवासी रणबीर मेघवाल ने बताया कि रात करीब 9 बजे जितेंद्र, विक्की और रामपाल घोटिया कार से उसके घर आए। आरोप है कि तीनों उसे जबरन कार में बैठाकर भदलिया तालाब के पास ले गए। वहां उसके साथ लाठियों और सरियों से मारपीट की गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे गाली दी गई और गले में फंदा डालकर जान से मारने की कोशिश की गई। मारपीट से शरीर पर गंभीर चोटें आई
रणबीर के अनुसार, मारपीट में उसके शरीर पर गंभीर चोटें आईं। उसकी दाहिनी आंख के नीचे चोट और शरीर के दूसरे हिस्सों पर भी निशान बताए गए हैं। आरोप है कि इसके बाद आरोपी उसे कार में डालकर एक और तलाई पर ले गए, जहां रातभर उसे पीटा गया। सुबह करीब 4 बजे आरोपी उसे उसके मोहल्ले में कार से नीचे गिराकर भाग गए। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान उसका मोबाइल फोन भी तोड़ दिया गया। पुलिस के मुताबिक शुरुआती जांच में रणबीर के दोनों कूल्हों पर चोट के गहरे नीले निशान, दाहिनी आंख के नीचे खरोंच और पैर में दर्द व सूजन मिली है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित का मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा।
पीड़ित रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपों की पुष्टि जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। पीड़ित ने आरोपियों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा और कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
Source link
युवक को घर से उठाकर रातभर पीटा:लाठियों-सरियों से की मारपीट, गले में फंदा डालकर जान से मारने की कोशिश
