![]()
खैरथल-तिजारा जिले के तिजारा नगर परिषद में आज सभापति पद के लिए वोटिंग होनी है। इससे ठीक पहले रविवार-सोमवार की दरमियानी रात हिमाचल प्रदेश में बाड़ेबंदी से राजस्थान लौट रहे कांग्रेस गुट के पार्षदों को हरियाणा के चंडीमंदिर (सूरजपुर) टोल प्लाजा पर पुलिस द्वारा हिरासत में लेने का आरोप है। तिजारा के कांग्रेस नेता इमरान खान ने दावा किया कि बिना नंबर प्लेट और ढकी हुई नंबर प्लेट वाली गाड़ियों में आए पुलिसकर्मियों ने पार्षदों की बस और गाड़ियों को रोका और उन्हें अपने साथ ले गए। इस कार्रवाई के बाद कांग्रेस नेताओं ने हरियाणा के पिंजौर थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया है। डिटेन के दौरान तिजारा पूर्व विधायक संदीप यादव ने भी कार से ही एक वीडियो जारी कर हरियाणा पुलिस पर आरोप लगाया। हिमाचल से लौट रहे थे पार्षद
तिजारा नगर परिषद के करीब 18 पार्षद कांग्रेस की बाड़ेबंदी में हिमाचल प्रदेश गए हुए थे। रविवार रात को वे राजस्थान के लिए रवाना हुए। टोल पर घेराबंदी
इमरान खान ने दावा किया कि जैसे ही पार्षदों की बस और 8 गाड़ियां हरियाणा के सूरजपुर टोल (चंडीमंदिर) के पास पहुंचीं, वहां पहले से मौजूद भारी पुलिस बल ने उन्हें रोक लिया। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि पुलिसकर्मी जिन गाड़ियों में आए थे, उनमें से कई पर नंबर प्लेट नहीं थी और कुछ की नंबर प्लेट कपड़े से ढकी हुई थी। पुलिस ने पार्षदों की बस और सभी 8 गाड़ियों को पिंजौर थाने में खड़ा करवा दिया है। कांग्रेस का आरोप- पुलिस नहीं दे रही कोई जवाब
घटना की सूचना मिलते ही तिजारा से पार्षदों के परिजन पिंजौर थाने पहुंच गए। कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि हरियाणा पुलिस इस कार्रवाई पर कोई साफ जवाब नहीं दे रही है कि पार्षदों को किस आधार पर और कहां ले जाया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेताओं ने थाने के भीतर ही धरना शुरू कर दिया है और नारेबाजी कर रहे हैं। कांग्रेस को मिला था 17 निर्दलियों का समर्थन बता दें कि तिजारा नगर परिषद में भाजपा के 4 और कांग्रेस के 1 एक ही पार्षद ने जीत दर्ज की थी। 30 सीटों पर निर्दलियों की जीत हुई थी। जानकारी के अनुसार कांग्रेस ने इस बीच
17 निर्दलीय पार्षदों का समर्थन ले लिया। इसके बाद 18 पार्षदों की बाड़ेबंदी की गई थी। इसी बहुमत के दम पर कांग्रेस आज होने वाली वोटिंग में अपना बोर्ड बनाने का दावा कर रही थी। तिजारा में आज ही नगर परिषद के मुख्य पद के लिए वोटिंग होनी है। ऐसे में वोटिंग से ठीक कुछ घंटे पहले बहुमत वाले पार्षदों का इस तरह ‘गायब’ होना तिजारा की सियासत में बड़ा उलटफेर कर सकता है। अब देखना होगा कि क्या ये पार्षद समय पर वोटिंग के लिए तिजारा पहुंच पाते हैं या नहीं।
Source link
तिजारा कांग्रेस के पार्षद हरियाणा पुलिस की हरिसात में:हिमाचल से बाड़ेबंदी से लौट रहे थे 1 कांग्रेस और 17 निर्दलीय पार्षद, कांग्रेस नेता धरने पर
