Headlines

बस स्टैंड के बाहर बसें खड़ी करने पर सख्ती:हिसार SP ने ड्राइवरों को दी चेतावनी, बोले-यातायात बाधित करने पर होगी कार्रवाई




हिसार जिले के बरवाला में बस स्टैंड के बाहर मुख्य सड़क पर बसें खड़ी कर सवारियां बैठाने और उतारने वाले बस ड्राइवरों के खिलाफ अब पुलिस सख्ती बरतेगी। सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए एसपी सिद्धान्त जैन ने सरकारी और निजी बस ड्राइवरों और कंडक्टरों को निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाकर ही सवारियां बैठाने की हिदायत दी है। पुलिस के संज्ञान में आया है कि बरवाला में कुछ सरकारी और निजी बसें बस स्टैंड के अंदर जाने के बजाय मुख्य सड़क पर ही रोक दी जाती हैं। सवारियों के इंतजार में बसें काफी देर तक सड़क पर खड़ी रहने के कारण यातायात प्रभावित होता है और कई बार जाम व भीड़ की स्थिति बन जाती है। इससे सड़क हादसों की आशंका भी बनी रहती है। ‘बस स्टैंड के अंदर जाकर ही सवारियों को बैठाएं और उतारें’ एसपी ने स्पष्ट किया कि बरवाला रूट पर संचालित सभी बसें निर्धारित बस स्टैंड के अंदर जाकर ही सवारियों को बैठाएं और उतारें। मुख्य सड़क पर बस खड़ी कर सवारियां एकत्रित करने या यातायात बाधित करने की स्थिति को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में यदि कोई बस चालक सड़क पर अनावश्यक रूप से बस खड़ी कर यातायात बाधित करता पाया गया तो उसके खिलाफ यातायात नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ‘निर्धारित बस स्टैंड का इस्तेमाल करें ड्राइवर’ सिद्धान्त जैन ने बस ड्राइवरों से अपील की कि सवारियों को बैठाने के लिए सड़क पर बस रोकना आवश्यक नहीं है। सभी ड्राइवर निर्धारित बस स्टैंड का ही इस्तेमाल करें, ताकि अन्य वाहन ड्राइवरों को परेशानी न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। हिसार पुलिस ने बस ड्राइवरों को निर्देश दिए हैं कि मुख्य सड़क पर बस रोककर सवारियां एकत्रित न करें, सवारियों के इंतजार में बस को अनावश्यक समय तक सड़क पर खड़ा न रखें और बस स्टैंड से संबंधित निर्धारित प्रक्रिया का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाली गतिविधि पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *