Headlines

पलामू में लूटी बाइक से CSP लूटने पहुंचे बदमाश:संचालक अपराधी से भिड़ा; गोली चलने की आवाज सुन ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस को सौंपा




पलामू के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में में अपराधियों ने सोमवार सुबह बंदूक की नोक पर एक बाइक लूटी। कुछ घंटे बाद वे उसी बाइक से ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र (सीएसपी) को लूटने पहुंच गए। लूट की कोशिश के दौरान सीएसपी संचालक ने हिम्मत दिखाई और बदमाशों से भिड़ गया। अपराधियों ने गोली चलाई, जिसकी आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों ने दोनों बदमाशों को पकड़ लिया और पुलिस को सौंप दिया। ग्रामीणों की फुर्ती से सीएसपी में लूट की कोशिश नाकाम हो गई। हथियार दिखाकर एक पल्सर बाइक लूटी पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी सुबह सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल में एनएच-39 पर पहुंचे थे। वहां उन्होंने हथियार दिखाकर एक पल्सर बाइक लूटी। इसके बाद, लूटी हुई बाइक से वे लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में स्थित ग्रामीण बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र को लूटने पहुंचे। बदमाशों ने जैसे ही लूट की कोशिश शुरू की, गोली चलने की आवाज सुनाई दी। भीड़ बढ़ती देख भागने का मौका नहीं मिला आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। लोगों की भीड़ बढ़ती देख बदमाशों को भागने का मौका नहीं मिला और ग्रामीणों ने उन्हें पकड़ लिया। पकड़ने के बाद अपराधियों की पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया। तलाशी लेने पर पुलिस को उनके पास से एक पिस्टल, एक बैग और गोली का खाली खोखा मिला। पुलिस पूछताछ कर जांच में जुटी लूट में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक भी जब्त कर ली गई है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि दोनों आरोपी अकेले ही इस घटना को अंजाम देने आए थे या उनके पीछे कोई गिरोह है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस दोनों आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *