![]()
यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के गांव जयधर में गांव में खड़ी एक खाली ट्रैक्टर-ट्राली में 25 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। अरुण करीब तीन दिन पहले गांव के कुछ मजदूरों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में भूसा लेकर हिमाचल प्रदेश गया था। सोमवार को उसके साथ गए मजदूर वापस गांव लौट आए, लेकिन अरुण घर नहीं पहुंचा। परिजन उसकी तलाश में जुटे तो उसी ट्रैक्टर-ट्राली में उसका शव मिला। शव पर चोट के निशान दिखाई देने से परिजनों ने उसकी मौत को संदिग्ध मानते हुए साथ गए मजदूरों पर हत्या की आशंका जताई। सूचना मिलने पर पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज किया है। साथी बोले- अरुण ट्राली में सो रहा है अरुण के पिता सलिंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा मजदूरी किया करता था। करीब तीन दिन पहले गांव के ही कुछ मजदूरों के साथ ट्रैक्टर-ट्राली में भूसा लेकर हिमाचल प्रदेश गया था। उसके साथ दीपक उर्फ दीपा, निर्मल उर्फ अंजू, ताहिर उर्फ भूरा और राजीव भी थे। सोमवार को सभी मजदूर गांव लौट आए, लेकिन अरुण घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। उन्होंने अरुण के साथ गए मजदूरों से उसके बारे में पूछा तो कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली। बाद में जब ट्रैक्टर-ट्राली की तलाश की गई तो उसमें अरुण का शव पड़ा मिला। साथ गए मजदूरों ने बताया कि अरुण ट्राली में ही सोया हुआ था। शव पर चोट के निशान शव को देखने पर परिजनों ने उसके शरीर पर चोट के निशान होने की बात कही। इसके बाद उन्होंने अरुण की हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को शिकायत दी। परिजनों ने उसके साथ हिमाचल गए चारों युवकों पर शक जाहिर किया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज कर लिया है। घटना की सूचना मिलने के बाद छछरौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। सीन ऑफ क्राइम टीम ने ट्रैक्टर-ट्राली और आसपास के स्थान की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह सामने आने की उम्मीद है। पुलिस कर रही साथ गए मजदूरों से पूछताछ छछरौली थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि अरुण के परिजनों की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ हत्या की धारा में केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि अरुण की मौत किन परिस्थितियों में हुई और हिमाचल से लौटने के दौरान उसके साथ क्या हुआ। अरुण दो भाइयों में छोटा था। उसकी शादी नहीं हुई थी। वह मजदूरी करके परिवार का सहयोग करता था। जानकारी के अनुसार वह स्मैक का भी आदी था। पुलिस उसके साथ गए मजदूरों से पूछताछ के अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
Source link
यमुनानगर में ट्रैक्टर-ट्राली में मिला युवक का शव:तीन दिन पहले साथियों के साथ गया था हिमाचल, चार युवकों पर हत्या का केस
