Headlines

बंगाल ज्वेलर्स लूटकांड का अंतिम मुख्य आरोपी गिरफ्तार:पहले भी कई अपराधी पकड़े जा चुके हैं, 8 जुलाई को की थी लूटपाट




गोड्डा शहर के कारगिल चौक के पास स्थित बंगाल ज्वेलर्स में 8 जुलाई को हथियारबंद लूट हुई थी। इस मामले में फरार चल रहे अंतिम मुख्य आरोपी सद्दाम अंसारी को गोड्डा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, सद्दाम घटना के बाद से फरार था। गोड्डा नगर थाना के अलावा दुमका जिले के हंसडीहा और सरैयाहाट थाना क्षेत्रों के मामलों में भी उसकी तलाश थी। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार, 8 जुलाई को तीन हथियारबंद अपराधियों ने बंगाल ज्वेलर्स में लूटपाट की थी। दुकान संचालक बासुदेव राय के आवेदन पर गोड्डा नगर थाना में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ आकाश भारद्वाज के नेतृत्व में एक एसआईटी बनाई गई थी। पुलिस ने 72 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए राजेश यादव और अजीत यादव को गिरफ्तार किया था। राजेश के घर से 39.93 ग्राम सोना, 41,500 रुपये नकद और घटना में इस्तेमाल पिस्टल बरामद हुई थी। इसके बाद दुमका पुलिस की मदद से दानवीर पासवान को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से लूट में इस्तेमाल नीले रंग की अपाची मोटरसाइकिल मिली थी। पुलिस ने 13 अगस्त को कथित मास्टरमाइंड स्वर्ण व्यवसायी चंद्रशेखर कुमार साह उर्फ पूरन साह को भी गिरफ्तार किया था। उस पर रेकी करने, अपराधियों को सूचना देने और लूटे गए सोने की बिक्री में मदद करने का आरोप था। उससे सोना खरीदने-बेचने वाले गोड्डा और बांका जिले के कई स्वर्ण व्यवसायियों को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान पाकुड़ और गोड्डा पुलिस के संयुक्त प्रयास से बांका में फरार चल रहे प्रवीण कुमार उर्फ पारो उर्फ प्रवीण कुमार यादव को भी पकड़ा गया था पुलिस के अनुसार, इस गिरोह से जुड़े आरोपी आसपास के बांका, देवघर, जामताड़ा, बोकारो और पाकुड़ जिलों में ज्वेलरी दुकानों और सीएसपी केंद्रों में लूट की घटनाओं में शामिल रहे हैं। इस मामले में शामिल एक अन्य आरोपी का शव देवघर जिले के सारवां थाना क्षेत्र से बरामद हुआ था। गिरफ्तार सद्दाम अंसारी की उम्र करीब 20 साल है। वह बांका जिले के बंधुवाकुड़ा थाना क्षेत्र के अंबातरी गांव का रहने वाला है। इसके खिलाफ झारखंड और बिहार के कई थानों में आपराधिक मामले दर्ज हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *