![]()
कोडरमा के सतगावां थाना क्षेत्र के मनोरथडीह में बुधवार को करमा पूजा विसर्जन के दौरान अचानक भौंरों के झुंड ने हमला कर दिया। हमले में करीब आधा दर्जन बच्चों समेत दो दर्जन से अधिक महिलाएं, युवतियां और अन्य लोग घायल हो गए। अचानक हुए हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। भौंरों से बचने के लिए लोग इधर-उधर भागने लगे। परिजनों और स्थानीय लोगों ने किसी तरह बच्चों और अन्य घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), सतगावां ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। अचानक झुंड ने बोला हमला, भगदड़ में इधर-उधर भागे लोग बताया गया कि करमा पूजा विसर्जन के लिए लोग जुटे हुए थे। इसी दौरान अचानक भौंरों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। कुछ ही देर में मौके पर चीख-पुकार और भगदड़ की स्थिति बन गयी। भौंरों के डंक से बचने के लिए लोग सुरक्षित जगह की ओर भागने लगे। बच्चों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और उन्हें मौके से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद एक-एक कर सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी सतगावां पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने घायलों की जांच शुरू की और आवश्यक उपचार किया। बच्चों समेत कई घायल, सीएचसी में चल रहा इलाज भौंरों के हमले में घायल लोगों में निशु कुमारी (18), इंदु कुमारी (18), नीतू कुमारी (14), अंगद कुमार (6), सृष्टि कुमारी (8), सुहानी (8), दीपाली कुमारी (6), सिद्धार्थ कुमार (3), प्रियांशु कुमार (12), अंजलि कुमारी (25), खुशी कुमारी (20) और उत्कर्ष यादव (3) शामिल हैं। इनके अलावा भी कई अन्य लोगों के घायल होने की जानकारी है। घटना की सूचना मिलने के बाद घायलों के परिजन भी सीएचसी सतगावां पहुंच गये। अस्पताल में बच्चों समेत सभी घायलों का इलाज जारी है। घटना के बाद मनोरथडीह और आसपास के इलाके में कुछ देर तक अफरा-तफरी और तनाव की स्थिति बनी रही।
Source link
करमा विसर्जन के दौरान भौंरों का हमला:कोडरमा में बच्चों समेत दो दर्जन से अधिक घायल, अस्पताल में इलाज जारी
