![]()
पंजाब के पूर्व डीआईजी हरचरण सिंह भुल्लर केस में शिकायतकर्ता आकाश बत्ता गुरुवार को चंडीगढ़ स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश हुए। इस दौरान हरचरण सिंह भुल्लर भी कोर्ट में मौजूद रहे। सीबीआई जज ने आकाश बत्ता से कई सवाल किए। उन्हें पंजाब पुलिस की ओर से दो गनमैन मिले हुए हैं, जो उनके साथ कोर्ट पहुंचे थे। CBI जज ने बत्ता से पूछा कि उनकी भुल्लर से पहली मुलाकात कैसे हुई थी। आकाश ने बताया कि वह पहले से कृष्णु शारदा को जानते थे। उसी ने मुलाकात करवाई थी। वह कारोबारी हैं और उनके खिलाफ एक केस दर्ज था। केस से नाम निकलवाने के लिए कृष्णु शारदा ने कहा था कि उसकी तत्कालीन DIG भुल्लर से अच्छी जान-पहचान है। इसके बाद कृष्णु ने चंडीगढ़ में भुल्लर से मुलाकात करवाई। इस दौरान एडवांस के तौर पर एक लाख रुपए देने की बात हुई। इसके बाद भी उनकी भुल्लर से मुलाकात हुई। इस दौरान उन्होंने कहा कि सेवा-पानी करनी पड़ेगी और 4 लाख रुपए देने को कहा। भुल्लर कोर्ट रूम के अंदर सबसे पीछे की सीट पर बैठे थे, जबकि आकाश बत्ता कटघरे में खड़े थे। CBI जज ने आकाश बत्ता से कहा कि पीछे हरचरण सिंह भुल्लर बैठे हुए हैं, देखिए। इसी से आपकी बात हो रही थी, जिन्होंने केस से नाम निकलवाने के लिए पैसों की मांग की थी? आकाश बत्ता ने हरचरण सिंह भुल्लर की पहचान करते हुए कहा कि जी हां, यही हैं हरचरण सिंह भुल्लर, जिन्होंने केस से नाम निकलवाने के लिए पैसों की मांग की थी। सेक्टर-40 स्थित घर पर तलाशी ली थी
हरचरण सिंह भुल्लर को सीबीआई ने 16 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार किया था। भुल्लर की गिरफ्तारी के बाद CBI ने उनके सेक्टर-40 स्थित घर पर तलाशी ली थी। जांच एजेंसी की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नकदी, सोना और अन्य कीमती सामान बरामद होने की जानकारी सामने आई थी। अलग मामले में CBI ने आय से अधिक संपत्ति की जांच भी शुरू की थी। आरोपमुक्त करने की अर्जी हो चुकी खारिज
इस मामले में भुल्लर और कृष्णु शारदा की ओर से CBI अदालत में आरोपमुक्त किए जाने की अर्जी दाखिल की गई थी। दोनों की ओर से CBI की कार्रवाई और अधिकार क्षेत्र को लेकर सवाल उठाए गए थे। अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद डिस्चार्ज एप्लीकेशन खारिज कर दी थी। इसके बाद मामले की सुनवाई आगे बढ़ रही है। रिश्वत की रकम बिचौलिए के जरिए मांगी गई थी
CBI के मामले के अनुसार कारोबारी आकाश बत्ता की शिकायत में आरोप लगाया गया था कि रिश्वत की रकम बिचौलिए के जरिए मांगी गई थी। मीडिया रिपोर्टों में भी बिचौलिए कृष्णु शारदा के खिलाफ भुल्लर की ओर से रिश्वत मांगने का आरोप सामने आया था।
Source link
पूर्व DIG रिश्वत केस में शिकायतकर्ता की गवाही:सबसे पीछे बैठे थे हरचरण भुल्लर, CBI जज ने पूछा- पहचानते हो, बत्ता बोले- यही हैं
