![]()
पंजाब के जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने आज तरनतारन मेें सेंट्रल जेल श्री गोइंदवाल साहिब का विशेष दौरा किया। इस दौरान उन्होंने जेल में बंद कैदियों के सुधार और मनोरंजन के उद्देश्य से ‘रेडियो उजाला’ का औपचारिक उद्घाटन किया। इसके साथ ही उन्होंने जेल परिसर का निरीक्षण कर कैदियों को मुहैया कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा भी लिया। उद्घाटन के पश्चात जेल मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने ‘रेडियो उजाला’ के माध्यम से जेल में बंद सभी कैदियों को सीधे संबोधित किया। उन्होंने कैदियों को अपराध का रास्ता छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने और एक अच्छा व जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। कैदियों की समस्याएं सुनीं, लंगर व अस्पताल का लिया जायजा दौरे के दौरान मंत्री ने कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को उनका तुरंत समाधान करने के कड़े निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने जेल के लंगर हॉल का निरीक्षण कर भोजन की गुणवत्ता को जांचा। जेल अस्पताल के दौरे के दौरान उन्होंने वहां भर्ती बीमार कैदियों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य का हाल-चाल जाना और डॉक्टरों को कैदियों की बेहतर देखरेख व उचित इलाज सुनिश्चित करने की हिदायत दी। इस अवसर पर उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए जेल परिसर में पौधे भी लगाए। ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ से किया गया स्वागत इससे पूर्व, सेंट्रल जेल गोइंदवाल साहिब पहुंचने पर पंजाब पुलिस की एक टुकड़ी ने जेल मंत्री को अनुशासित ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ देकर सम्मानित किया। इस मौके पर उनके साथ जेल सुपरिटेंडेंट मनजीत सिंह टिवाना, एडिशनल सुपरिटेंडेंट गुरजंत सिंह, डिप्टी सुपरिटेंडेंट (सिक्योरिटी) गुरमेज सिंह सहित पुलिस व जेल प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
Source link
गोइंदवाल साहिब जेल में 'रेडियो उजाला’:तरनतारन पहुंचे जेल मंत्री ने किया शुभारंभ, कैदियों की सुविधाएं देखीं और लंगर का इंस्पेक्शन किया
