![]()
वाराणसी में नगर निगम ने सफाई मित्रों के स्वास्थ्य परीक्षण और उन्हें विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए जोनवार शिविरों की श्रृंखला शुरू की है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर 25 सितंबर से आठ अक्टूबर तक नगर के विभिन्न जोनों में आठ शिविर आयोजित किए जाएंगे। शुक्रवार को दशाश्वमेध और वरुणापार जोन में शिविर लगाया गया, जिसमें कुल 382 सफाई मित्रों ने सहभागिता की। शिविर में सफाई मित्रों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ चिकित्सकीय परामर्श दिया जा रहा है। इसके साथ ही स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, समाज कल्याण, दिव्यांगजन कल्याण, श्रम कल्याण और महिला सशक्तीकरण से संबंधित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। पात्र सफाई मित्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया में भी सहयोग किया जा रहा है। सफाई मित्रों के नेत्र परीक्षण के लिए आरके शंकरा नेत्र चिकित्सालय, वाराणसी और सद्गुरु नेत्र चिकित्सालय, चित्रकूट की ओर से चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। शिविर में आंखों की जांच के साथ आवश्यक परामर्श भी दिया जा रहा है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार सफाई मित्र शहर की स्वच्छता व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य सुविधाएं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ कार्यस्थल के निकट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। नगर निगम ने सफाई मित्रों से अपील की है कि निर्धारित तिथियों पर आयोजित होने वाले शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण कराएं और पात्रता के अनुसार सरकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
Source link
वाराणसी में सफाई मित्र स्वास्थ्य शिविर आयोजित:नगर निगम की जनकल्याणकारी पहल; दशाश्वमेध, वरुणापार जोन में जांच शुरू
