![]()
पंजाब के लालड़ू स्थित दफरपुर गांव में एक बेहद दुखद और संदिग्ध मामला सामने आया है। यहाँ 25-26 वर्षीय एक विवाहिता पूजा का शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला। मृतका का परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश का रहने वाला है। पूजा की शादी साल 2021 में हुई थी और उसकी एक तीन साल की मासूम बेटी भी है, जिसके सिर से अब मां का साया उठ गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतका के मायके वाले मौके पर पहुंचे। पूजा के परिजनों ने उसके पति रवि मिश्रा पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि रवि शराब पीने का आदी था और अक्सर पूजा को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था। मृतका की मां ने गंभीर आशंका जताते हुए कहा कि उनकी बेटी की पहले हत्या की गई है और फिर मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया। पुलिस कर रही है मामले की जांच लेहली पुलिस चौकी के प्रभारी गुरविंदर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है और मृतका के माता-पिता के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई पुलिस के मुताबिक, अभी मायके पक्ष के आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए डेराबस्सी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट आने और परिजनों के औपचारिक बयानों के आधार पर ही आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
मोहाली में फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव:मां ने लगाया पति पर प्रताड़ना व हत्या का आरोप, 5 साल पहले हुई शादी, 3 साल की बच्ची
