Headlines

'मेरे बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया':भगवान सिंह कुशवाहा बोले- अपराधियों की कोई जाति नहीं होती; सरकार विकास को लेकर गंभीर हैं




बिहार सरकार के योजना एवं विकास मंत्री भगवान सिंह कुशवाहा शनिवार की शाम औरंगाबाद पहुंचे। रविवार को दानी बिगहा स्थित जिला अतिथि गृह में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने विकास योजनाओं के साथ-साथ राज्य में अपराध और यादव समाज को लेकर अपने पूर्व में दिए बयान पर भी सफाई दी। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि उन्होंने यादव समाज को अपराधी नहीं कहा था। उनके बयान को गलत तरीके से प्रस्तुत कर राजनीतिक और सामाजिक विवाद खड़ा करने का प्रयास किया जा रहा है। अपराध करने वाले व्यक्ति की पहचान अपराधी के रूप में होनी चाहिए, उसकी जाति के आधार पर नहीं। अपराधियों की कोई जाति नहीं होती। यादव समाज को लेकर बयान पर मंत्री ने दी सफाई भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि राज्य में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं को किसी जाति विशेष से जोड़ना उचित नहीं है। उनके बयान का आशय यादव समाज को अपराधी बताना कतई नहीं था। कुछ लोगों ने उनके बयान को संदर्भ से अलग करके प्रस्तुत किया और इसे यादव समाज के खिलाफ बयान के रूप में प्रचारित किया। किसी भी व्यक्ति द्वारा अपराध किए जाने पर उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए। अपराधी चाहे किसी भी जाति या समुदाय का हो, उसे अपराधी के रूप में ही देखा जाना चाहिए। कोई भी समाज अपराधियों को संरक्षण नहीं देना चाहता। सोशल मीडिया पर कई बार किसी घटना या बयान के अधूरे हिस्से को वायरल कर विवाद पैदा कर दिया जाता है। इससे वास्तविक मुद्दा पीछे छूट जाता है।
2028 तक विकास योजनाओं का व्यापक असर दिखेगा योजना एवं विकास मंत्री ने कहा कि बिहार में विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने का काम चल रहा है। सरकार विकास को लेकर पूरी तरह गंभीर है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल के बाद विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है। आने वाले समय में इन योजनाओं का व्यापक असर दिखाई देगा। मंत्री ने दावा किया कि वर्ष 2028 तक विकास योजनाओं के परिणाम बड़े स्तर पर दिखाई देने लगेंगे। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में कहीं-कहीं व्यावहारिक कठिनाइयां आती हैं, लेकिन उन्हें दूर करने के लिए संबंधित विभाग लगातार काम कर रहे हैं। विपक्ष को दिया जवाब मंत्री ने राज्य सरकार के खजाने को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि यदि राज्य का खजाना खाली होता तो अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर वेतन और अन्य भुगतान कैसे किए जाते। सरकार निर्धारित प्रक्रिया के तहत वित्तीय कार्यों को संचालित कर रही है। जिले में विकास की काफी संभावनाएं हैं। सरकार यहां की जरूरतों और लोगों की अपेक्षाओं को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारने का प्रयास कर रही है। बिहार के विकास की जो यात्रा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यकाल में आगे बढ़ी, उसी दिशा में सरकार विकास कार्यों को आगे ले जाने का प्रयास कर रही है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को लेकर पूछे गए सवाल पर भगवान सिंह कुशवाहा ने कहा कि वे अपने विभाग में बेहतर काम कर रहे हैं। उपमुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग पर उन्होंने कहा कि किसी को हटाकर किसी को बनाने की बात नहीं है। यदि किसी नेता के समर्थक या कार्यकर्ता ऐसी मांग करते हैं तो यह उनकी इच्छा है और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को भी महत्व दिया जाता है। चुनाव आयोग पर विपक्ष के आरोप को बताया बेबुनियाद प्रेस वार्ता में चुनाव आयोग को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के गठन की संवैधानिक प्रक्रिया है और इसके संबंध में विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का कोई ठोस आधार नहीं है। उन्होंने विपक्ष से जनता से जुड़े मुद्दों पर रचनात्मक भूमिका निभाने की अपील की। एनडीए के नेता रहे मौजूद प्रेस वार्ता के दौरान जदयू जिलाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह, जिला प्रवक्ता रवि सिंह, धर्मेंद्र वर्मा, रालोमो जिलाध्यक्ष अरुण मेहता सहित कई जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *