![]()
तरनतारन पट्टी स्थित कैरों भवन में कैरों ग्रुप की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें इलाके में लगातार बढ़ रहे नशे के प्रकोप, आए दिन होने वाली गोलीबारी की घटनाओं और कारोबारियों से मांगी जा रही फिरौती जैसे गंभीर मुद्दों पर गहन चर्चा हुई। इसके साथ ही आगामी चुनावों की तैयारियों और क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर भी रणनीति बनाई गई। बैठक को संबोधित करते हुए वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि नशे के कारण युवाओं का भविष्य अंधकारमय हो रहा है और अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। इसके अलावा, शहर में गोलीबारी और कारोबारियों से सरेआम फिरौती मांगने की घटनाओं से व्यापारी वर्ग में दहशत का माहौल बन चुका है। नेताओं ने जोर देकर कहा कि पट्टी को फिरौती-मुक्त बनाने और युवाओं को नशे की गर्त से बाहर निकालने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर जागरूकता अभियान चलाना होगा। साथ ही, आम जनता से अपील की गई कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें और खुलकर आवाज़ उठाएं। पूर्व मंत्री कैरों के विकास कार्यों को किया याद, आगामी चुनावों पर चर्चा बैठक के दौरान पूर्व कैबिनेट मंत्री आदेश प्रताप सिंह कैरों के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों को याद किया गया और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने इलाकों की स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से रखा। आगामी चुनावों के मद्देनज़र कैरों टीम की गतिविधियों में तेज़ी लाने और जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ तालमेल मजबूत करने पर भी विशेष विचार-विमर्श किया गया।
Source link
कैरों ग्रुप ने नशे, गोलीबारी, फिरौती पर बैठक की:तरनतारन पट्टी में इन मुद्दों पर चर्चा; लोगों से पुलिस को सूचना देने की अपील
