Headlines

औरंगाबाद में कांग्रेस का प्रदर्शन, शहर में मार्च निकाला:SIR में गड़बड़ी का लगाया आरोप, मुख्य चुनाव आयुक्त का फूंका पुतला




औरंगाबाद में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। SIR यानी मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस पहले से ही चुनाव आयोग पर सवाल उठाती रही है। इसी मुद्दे को लेकर पार्टी के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत जिला मुख्यालय में आक्रोश मार्च निकाला गया। अनुग्रह स्मारक परिसर से शुरू हुआ आक्रोश मार्च कांग्रेस का आक्रोश मार्च अनुग्रह नारायण स्मारक परिसर से शुरू हुआ। प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा, जिला प्रभारी एवं पूर्व प्रत्याशी राकेश कुमार पप्पू, पूर्व जिला अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह और प्रदीप कुमार सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता जुटे। कार्यकर्ताओं के हाथों में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला था और वे चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। मार्च पुरानी जीटी रोड होते हुए रमेश चौक पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ता बाजार की ओर बढ़े और कारगिल चौक तक गए। वहां से वापस रमेश चौक पहुंचे। इस दौरान रास्तेभर कार्यकर्ताओं ने SIR को लेकर अपना विरोध दर्ज कराया। रमेश चौक पर पहुंचने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश पुतला फूंका। SIR में बदलाव को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने SIR की प्रक्रिया पर गंभीर सवाल उठाए। उनका आरोप था कि मतदाता सूची के पुनरीक्षण के नाम पर बड़े स्तर पर बदलाव किए जा रहे हैं और इससे पात्र मतदाताओं के नाम प्रभावित होने की आशंका है। नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में सबसे महत्वपूर्ण नागरिक का मताधिकार है और किसी भी प्रक्रिया के कारण पात्र व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित नहीं होना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त पर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी के जरिए भाजपा को राजनीतिक लाभ पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाते हुए नेताओं ने बिहार, पश्चिम बंगाल समेत विभिन्न चुनावों का हवाला दिया। हालांकि, ये कांग्रेस द्वारा लगाए गए राजनीतिक आरोप हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से SIR को लेकर कहा गया है कि संबंधित आदेश आयोग की सामूहिक प्रक्रिया के तहत लिए गए हैं और मतदाता सूची से जुड़े कदम कानूनी प्रक्रिया के अनुसार किए जा रहे हैं। लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता का मुद्दा उठाया कांग्रेस नेताओं ने कहा कि चुनाव आयोग की विश्वसनीयता लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने या संशोधित करने की प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का पारदर्शी तरीके से जवाब दिया जाना चाहिए। कांग्रेस मतदाताओं के अधिकार और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर अपनी आवाज आगे भी उठाती रहेगी। प्रदर्शन में अजय कुमार सिंह, धर्मेंद्र पासवान, आशुतोष कुमार सिंह, महिला कांग्रेस अध्यक्ष, जिला पार्षद गायत्री देवी, जिला पार्षद सुरेंद्र यादव, सूरज राय, शैलू दुबे, नरेश यादव, गोलू यादव, नीरज कुमार, भूलन सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *