![]()
ताजमहल परिसर में सोमवार सुबह फोटोग्राफरों के दो गुटों में जमकर मारपीट हो गई। फोटोग्राफी को लेकर हुए विवाद में एक फोटोग्राफर के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई। उसकी खून से लथपथ तस्वीर सामने आई है, जिसके बाद परिसर में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, ताजमहल के अंदर पर्यटकों की फोटो खींचने को लेकर दो फोटोग्राफरों में कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते बात हाथापाई तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों के बीच लात-घूंसे चले, जिसमें एक फोटोग्राफर नीचे गिर गया और उसके सिर से खून बहने लगा। मौके पर मौजूद अन्य फोटोग्राफरों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। घटना की सूचना पर्यटन थाना पुलिस को दी गई। घायल फोटोग्राफर को प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। सीआईएसएफ की मौजूदगी के बावजूद ऐसी घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। वहीं इस पूरे मामले पर पर्यटन थाना प्रभारी अभिषेक कुमार का कहना है कि सुबह दो फोटोग्राफरों के बीच मामूली हाथापाई हुई थी। दोनों पक्षों के बीच बाद में आपसी समझौते से राजीनामा हो गया है। थाने में किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। चोट भी ज्यादा गंभीर नहीं है। हर दिन हजारों पर्यटक यहां आते हैं। फोटोग्राफरों के बीच वर्चस्व को लेकर अक्सर विवाद होता रहता है।
Source link
ताजमहल के अंदर दो फोटोग्राफरों में मारपीट:पर्यटकों की फोटो खींचने को लेकर चले लात-घूंसे, एक का सिर फटा
