![]()
ग्वालियर शहर और आसपास के इलाकों में बीते 24 घंटों के दौरान हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हुए हैं। भिंड रोड पर नाइट शिफ्ट में जा रहे सुप्रीम कंपनी के कर्मचारी को इंडेन ऑयल के टैंकर ने टक्कर मार दी। टैंकर का पहिया सिर के ऊपर से गुजरने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। झांसी रोड पर आईटीएम कॉलेज जा रही दो जुड़वां बहनों की स्कूटी को पानी के टैंकर ने टक्कर मार दी। हादसे में एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि दूसरी घायल है। वहीं, पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में फौजी ढाबा के सामने डीसीएम और कंटेनर की भिड़ंत में एक युवक की जान चली गई। संबंधित थाना पुलिस ने मामलों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नाइट शिफ्ट में जा रहे कर्मचारी को टैंकर ने कुचला शहर के थाटीपुर मेहरा कॉलोनी स्थित बालाजी वाटिका के पास रहने वाला 24 वर्षीय सूरज पुत्र हरचरण सिंह कुशवाह मालनपुर औद्योगिक क्षेत्र की सुप्रीम कंपनी में काम करता था। रविवार रात उसकी नाइट शिफ्ट थी। रात करीब 8:30 बजे वह साथी वीरेंद्र के साथ बाइक से कंपनी के लिए निकला था। महाराजपुरा थाना क्षेत्र में भिंड रोड स्थित भारत मार्केट के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार इंडेन ऑयल टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वीरेंद्र दूसरी तरफ गिर गया, जबकि सूरज टैंकर के आगे जा गिरा। टैंकर का पहिया उसके ऊपर से गुजर गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने टैंकर जब्त कर केस दर्ज कर लिया है, जबकि चालक फरार है। सूरज के चाचा ने बताया कि दो साल पहले ही उसकी शादी हुई थी। वह परिवार में सबसे बड़ा था और घर की जिम्मेदारी संभालता था। आईटीएम कॉलेज जा रही जुड़वां बहनों की स्कूटी को टैंकर ने मारी टक्कर कंपू काली माता मंदिर, आमखो निवासी प्रदीप नारायण शर्मा की जुड़वां बेटियां प्रियांशी और प्रतिभा (21) 27 सितंबर की सुबह करीब 10:50 बजे स्कूटी से आईटीएम कॉलेज, सिथौली जा रही थीं। प्रियांशी स्कूटी चला रही थी और प्रतिभा पीछे बैठी थी। दोनों सिथौली क्षेत्र में एन-11 रेस्टोरेंट के पास पेट्रोल पंप के सामने पहुंचीं, तभी पीछे से आए पानी के टैंकर ट्रैक्टर के चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में प्रियांशी के पेट और छाती में गंभीर चोट आई, जबकि प्रतिभा के दाहिने हाथ में चोट लगी। राहगीरों की मदद से दोनों को परिवार अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान 27 सितंबर की देर रात प्रियांशी ने दम तोड़ दिया। हादसे में स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हुई है। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। झांसी-आगरा हाईवे पर डीसीएम को कंटेनर ने मारी टक्कर, युवक की मौत भिंड के अटेर गंज मोहल्ला निवासी निहाल सिंह 27 सितंबर की शाम डीसीएम (UP 79 T-0355) से बानमोर, मुरैना की ओर जा रहे थे। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र में फौजी ढाबा के सामने तेज रफ्तार कंटेनर (HR 38 AJ-3753) के चालक ने डीसीएम में सीधी टक्कर मार दी। हादसे में निहाल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुरानी छावनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पत्नी गीता श्रीवास की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी कंटेनर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। महाराजपुरा थाना प्रभारी यशवंत गोयल ने बताया कि मालनपुर जाते समय भारत मार्केट के सामने बाइक सवारों को टैंकर ने टक्कर मारी थी। बाइक पर दो युवक सवार थे। हादसे में एक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल है। टैंकर जब्त कर केस दर्ज कर लिया गया है। चालक की तलाश की जा रही है।
Source link
ग्वालियर में 24 घंटे में 3 सड़क हादसे,3 की मौत:टैंकर ने कर्मचारी को कुचला, छात्रा और डीसीएम चालक की भी जान गई
