Headlines

नूंह के हसीना हत्याकांड का आरोपी पति अरेस्ट:ढाई महीने से चल रहा था फरार, वारदात में प्रयुक्त कार और हथियार बरामद




नूंह जिले में बहुचर्चित हसीना हत्याकांड के मुख्य आरोपी पति रफीक उर्फ रफ़ी को ढाई माह बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। सीआईए नूंह पुलिस ने आरोपी रफीक को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 17 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। बता दें कि, नूंह सदर थाना क्षेत्र के देवला नंगली गांव निवासी रफीक ने सिंगार गांव की हसीना से दूसरी शादी की थी। हसीना की मौत के बाद उसके भाई शकील ने रफीक पर गंभीर आरोप लगाए थे। शकील के अनुसार, रफीक उसकी बहन की सुंदरता का इस्तेमाल गाड़ी लूट और अन्य आपराधिक वारदातों में करता था। आरोप है कि जब हसीना ने इन गतिविधियों का विरोध करना शुरू किया, तो उसकी हत्या की साजिश रची गई। 18 अप्रैल को लापता हुई थी हसीना मामले के अनुसार, हसीना 18 अप्रैल 2026 को अचानक लापता हो गई थी। पति रफीक ने ही पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके आधार पर 24 अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया गया। हालांकि, 28 अप्रैल को हसीना का शव गांव के खेतों में स्थित एक सुनसान कुएं से बरामद हुआ। शव पत्थर से बंधा हुआ था, जिससे हत्या की आशंका और गहरी हो गई। इसके बाद मृतका के भाई शकील की शिकायत पर रफीक सहित सात लोगों के खिलाफ हत्या और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। परिजन लगातार कर रहे थे न्याय की मांग मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी न होने से हसीना के परिजन लगातार न्याय की मांग कर रहे थे। उन्होंने कई बार नूंह पुलिस अधीक्षक से मिलकर आरोपियों की गिरफ्तारी की अपील की। परिजनों के लगातार दबाव के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज की और आखिरकार मुख्य आरोपी रफीक को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। पुलिस प्रवक्ता कृष्ण कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई कार, एक अवैध हथियार और एक खाली व एक जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस अब रिमांड के दौरान हत्या की असली वजह, वारदात को अंजाम देने के तरीके और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों व साक्ष्यों की गहन जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *