Headlines

Punjab-Chandigarh top news; LPU controversy | Congress protest | foreign woman murder


.

पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी से जुड़ी रही। बवाल के बाद अगले आदेश तक इंटरनेट बंद कर दिया गया है। साथ ही 10 दिन की छुट्‌टी घोषित कर दी। पंजाब महिला आयोग ने भी DC और SSP से रिपोर्ट मांगी है।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों का VIDEO देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. आगजनी-तोड़फोड़ के बाद LPU में छुट्‌टी, इंटरनेट बंद

पंजाब से BJP के राज्यसभा मेंबर अशोक मित्तल की फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) में हुए बवाल के बाद अगले आदेश तक यहां इंटरनेट बंद कर दिया गया है। किसी तरह के भड़काऊ वीडियो से माहौल फिर खराब न हो, इसके लिए ये आदेश दिए गए हैं। साथ ही LPU को 10 दिन के लिए बंद कर दिया गया है।

वहीं पंजाब महिला आयोग ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए कपूरथला के DC और SSP से FIR की कॉपी, SIT और अब तक की जांच रिपोर्ट तलब कर ली है। आयोग ने यूनिवर्सिटी में गर्ल्स हॉस्टल के लिए किए सुरक्षा इंतजामों के बारे में भी जानकारी मांगी है।

वहीं CM भगवंत मान ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। उनके निर्देश पर DGP गौरव यादव ने यूनिवर्सिटी पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। DGP ने कहा- पुलिस ने मिनिमम फोर्स यूज की। स्टूडेंट्स से बातचीत के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की गई। अब स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बना दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

2. चितकारा यूनिवर्सिटी हंगामा, महिला आयोग का DC-SSP को नोटिस

पटियाला के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्राओं से जुड़ी वायरल खबरों और छात्रों के हंगामे पर राज्य महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने पटियाला के DC और SSP को नोटिस जारी कर 30 सितंबर तक पूरे मामले की स्टेटस रिपोर्ट मांगी है।

आयोग ने पूछा है कि यूनिवर्सिटी कैंपस या हॉस्टल से किसी छात्रा के लापता होने, घायल होने या किसी अप्रिय घटना की शिकायत मिली है या नहीं। शिकायत मिलने पर उसकी कॉपी और अब तक की कार्रवाई की जानकारी देने को कहा है। साथ ही कैंपस और हॉस्टल में सुरक्षा के इंतजामों का ब्योरा भी मांगा है।

आयोग ने सोशल मीडिया पर वायरल अपुष्ट खबरों, वीडियो और अफवाहों की जांच की मौजूदा स्थिति और उनके स्रोत की जानकारी मांगी है। इसके अलावा छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में ऐसी स्थिति रोकने के लिए उठाए जा रहे ठोस कदमों की रिपोर्ट भी मांगी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)

3. एक घंटे में घर आ जाऊंगा कहकर लापता हुआ डॉक्टर

फाजिल्का में डॉक्टर लापता हो गया। वह रविवार रात एक मरीज को दवा देने के लिए बाइक से घर से निकला था। रात को पत्नी से फोन पर उसने कहा था कि एक घंटे में घर लौट आएगा, लेकिन वह घर नहीं पहुंचा।

परिजन रातभर उसकी तलाश करते रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। सोमवार सुबह उसकी बाइक और दवाइयों से भरा बैग नहर के किनारे मिला। इससे उसके नहर में गिरने या कूदने की आशंका जताई जा रही है। आशंका के चलते नहर में डॉक्टर की तलाश के लिए गोताखोरों को लगाया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

लापता डॉक्टर की पहचान गांव रामपुरा नरैणपुरा निवासी अजय कुमार के रूप में हुई है। अजय कुमार रजिस्टर्ड मेडिकल प्रैक्टिशनर (RMP) डॉक्टर थे और स्थानीय स्तर पर मरीजों को इलाज और दवा देते थे। (पढ़ें पूरी खबर)

4. शादी के 7 महीने बाद युवक ने जान दी, मरने से पहले वीडियो बनाया

लुधियाना में एक युवक ने संदिग्ध हालात में जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर परिवार ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान मनदीप के तौर पर हुई है। वह डेहलों थाना इलाके का रहने वाला था।

मनदीप के परिजन ने बताया कि उसकी करीब 7 महीने पहले शादी हुई थी। करीब 10 दिनों से उसकी पत्नी मायके में थी। मनदीप उसे लेने मायके गया था, जहां पत्नी ने बताया कि उसकी सास ने उसे वापस आने से मना किया है। इस बात से मनदीप मानसिक रूप से परेशान हो गया।

परिजन के मुताबिक, इसके बाद मनदीप ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जहर निगलने से पहले मनदीप ने एक वीडियो भी बनाया था। इसमें उसने अपनी मौत के लिए ससुराल वालों को जिम्मेदार ठहराया है। वीडियो सामने आने के बाद परिवार ने मामले की जांच की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर)

5. कनाडा में पंजाबी युवक का मर्डर, विदेशी महिला ने गर्दन में चाकू घोंपा

कनाडा के मिसिसॉगा में पंजाबी युवक पर एक विदेशी महिला ने चाकू से गर्दन पर हमला कर दिया। इससे पंजाबी युवक के गले की नसें कट गईं। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन ICU में कुछ देर रहने के बाद उसने दम तोड़ दिया। डॉक्टर ने बताया कि नसें कटने से दिमाग को ऑक्सीजन जाना बंद हो गई थी। घटना के बाद महिला मौके से भाग गई।

मृतक की पहचान जगजीत सिंह संधू (29) के रूप में हुई है। जगजीत की बहन जसप्रीत कौर ने बताया कि यह घटना 6 सितंबर की है, लेकिन पुलिस ने अब कार्रवाई की है। पुलिस ने उस हमलावर विदेशी महिला को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है।

आरोपी महिला की पहचान लोरेना सांचेज (42) के रूप में हुई है। मृतक की बहन का कहना है कि जगजीत सिंह संधू एक अन्य पंजाबी युवक को नस्लीय टिप्पणी से बचाने के लिए बीच-बचाव कर रहे थे। इसी दौरान उन पर यह हमला हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)

6. शिवसेना नेता के भाई की मौत, परिजन बोले- ड्राइवर ने हत्या की

पठानकोट के लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी (ढाकी) के रहने वाले शिवसेना हिंद कोर कमेटी के चेयरमैन रवि शर्मा के भाई जतिंदर शर्मा (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जतिंदर घर में अकेले थे और गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले। अस्पताल ले जाते समय उनकी मौत हो गई।

परिजनों ने जतिंदर की हत्या का शक उनके ड्राइवर पर जताया है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि घटना के दिन पुलिस का फोन नहीं उठाया गया। साथ ही, एक संदिग्ध को पुलिस द्वारा छोड़े जाने पर भी परिजनों ने नाराजगी जताई है।

रवि शर्मा के अनुसार, शनिवार को वह किसी काम से गांव बुंगल गए हुए थे। वहीं, जतिंदर शर्मा की पत्नी अपने मायके गई हुई थी। इस दौरान जतिंदर घर में अकेले थे। शाम करीब 3:55 बजे उनकी छोटी भाभी सोनाली शर्मा ने रवि शर्मा को फोन किया। उन्होंने बताया कि जतिंदर बेडरूम में लहूलुहान और घायल हालत में पड़े हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

7. चुनाव आयोग के खिलाफ सड़कों पर उतरी कांग्रेस

कांग्रेस ने सामेवार के बठिंडा-फिरोजपुर समेत कई जिलों में चुनाव आयोग और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग की अगुआई में कांग्रेसी फिरोजपुर में सड़क पर उतर आए और डीसी कार्यालय के बाहर धरना दिया व पुतले फूंके।

राजा वडिंग ने बताया कि देशभर में जिला स्तर पर चुनाव आयोग और भाजपा के खिलाफ प्रदर्शन हो रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों का जिक्र किया, जिसमें कहा गया है कि वोटों की चोरी करके सरकारें बनाई जा रही हैं। वडिंग ने मांग की कि पंजाब में पुरानी वोटर लिस्ट के आधार पर चुनाव कराए जाएं और एसआईआर की प्रक्रिया बंद की जाए।

वडिंग ने एलपीयू मामले पर पंजाब की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने गायत्री को कोठी दिए जाने के विवाद में इस्तेमाल भाषा को गलत बताया और चहेतों को कोठियां देने का आरोप लगाया। नशे के मुद्दे पर उन्होंने भाजपा और गृह मंत्रालय पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए नशा मुक्ति यात्रा को चुनावी गुमराह बताया। (पढ़ें पूरी खबर)

8. युवक की धारदार हथियारों से हत्या, दोस्त गंभीर घायल

बठिंडा के गांव सिरीयेवाला में 27 सितंबर की देर शाम 21 वर्षीय सिमरनप्रीत सिंह की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई। वह अपने दोस्त मनप्रीत सिंह के साथ गांव में मौजूद था। इसी दौरान 10 से ज्यादा युवकों ने दोनों को घेरकर हमला कर दिया। दोनों घायल हो गए और आरोपी मौके से फरार हो गए।

आसपास के लोगों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां गंभीर हालत के चलते सिमरनप्रीत की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के पिता के बयान पर 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात आपसी रंजिश के कारण हुई। सिमरनप्रीत और मनप्रीत का कुछ युवकों से पहले भी विवाद चल रहा था। विवाद की शुरुआत किस बात को लेकर हुई थी और पहले के झगड़ों में कौन-कौन शामिल था, इसकी जांच की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)

9. अमेरिकी राजदूत गोल्डन टेंपल पहुंचे, अकाली दल ने लहराए खालिस्तानी झंडे

अमरीका के राजदूत सर्जियो गोर सोमवार को गोल्डन टेंपल पहुंचे और नतमस्तक होकर गुरु घर का आशीर्वाद लिया। उनके साथ कई कांग्रेसी नेता और अधिकारी भी मौजूद रहे। SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी और श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने उनका स्वागत किया।

SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने बताया कि सर्जियो गोर 15 साल बाद दूसरी बार गोल्डन टेंपल पहुंचे हैं। इस दौरान उन्होंने अपनी पुरानी यादें साझा कीं। साथ ही सिख समुदाय से जुड़े कुछ मुद्दों पर बातचीत हुई।

राजदूत के दौरे के दौरान गोल्डन टेंपल के बाहर राजनीतिक हलचल भी देखने को मिली। शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के प्रधान ईमान सिंह मान के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ‘खालिस्तान जिंदाबाद’ के नारे लगाए और खालिस्तान के झंडे लहराए। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके

10. सांसद ने DC की खाली कुर्सी को सौंपा मांग पत्र

संगरूर में शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने आम आदमी पार्टी सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। हलका प्रभारी अरविंद खन्ना के नेतृत्व में अकाली दल की महिला शाखा ने ‘मां-बेटी न्याय यात्रा’ के तहत ‘पंजाब बचाओ’ के नारे के साथ जिला प्रशासनिक परिसर के बाहर प्रदर्शन किया।

हरसिमरत कौर बादल ने जिला प्रशासनिक परिसर में DC की गैरमौजूदगी में उनकी खाली कुर्सी पर मांग पत्र रख दिया। उन्होंने कहा कि सरकारी अधिकारी भी गैरजिम्मेदार हैं, जो मांग पत्र लेने से पहले ही कुर्सी छोड़कर चले गए।

हरसिमरत कौर बादल ने CM भगवंत मान पर पंजाब और संगरूर की छवि खराब करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पंजाब से नशा खत्म करने के वादे के साथ सत्ता में आई सरकार के कार्यकाल में आज हर गली में नशा बिक रहा है और युवा अपनी जान गंवा रहे हैं। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *