![]()
प्रयागराज में कभी माफिया अतीक अहमद के गढ़ रहे मरियाडीह विष्णापुरी कॉलोनी में बनी अवैघ डेयरी पर सोमवार को बुलडोजर चला। प्रयागराज विकास प्राधिकरण की टीम ने करीब पांच बीघा जमीन पर बनी डेयरी के खिलाफ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान डेयरी मालिक के पक्ष में पहुंचे लोगों और अधिवक्ताओं ने PDA की कार्रवाई का विरोध किया। जिसके बाद PDA के जोनल अफसर और अधिवक्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक हुई। स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए कई थानों की पुलिस फोर्स के साथ पीएसी भी मौके पर बुलानी पड़ी। बिना मानचित्र निर्माण का PDA ने दिया हवाला जानकारी के मुताबिक, मरियाडीह स्थित विष्णापुरी कॉलोनी में करीब पांच बीघा जमीन पर यह डेयरी बनी हुई है। सोमवार शाम करीब चार बजे PDA के अधिकारी बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंचे। टीम ने निर्माण को अवैध बताते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की। PDA अधिकारियों के मुताबिक, डेयरी के निर्माण के लिए मानचित्र स्वीकृत नहीं कराया गया था। कार्रवाई के दौरान टीम ने डेयरी की एक तरफ बनी दीवार को तोड़ना शुरू किया। इसी बीच डेयरी मालिक के पक्ष में कई लोग मौके पर पहुंच गए। उनके साथ कुछ अधिवक्ता भी थे। अधिवक्ताओं ने PDA की कार्रवाई का विरोध करते हुए आरोप लगाया कि ध्वस्तीकरण से पहले कोई नोटिस जारी नहीं किया गया। नोटिस को लेकर आमने-सामने आए अफसर और अधिवक्ता अधिवक्ताओं के विरोध पर कार्रवाई में शामिल PDA के जोनल अफसर गंगेश कुमार ने कहा कि संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। कुछ देर तक मौके पर माहौल तनावपूर्ण रहा और एक समय कार्रवाई भी रोकनी पड़ी। विरोध बढ़ता देख PDA अधिकारियों ने पुलिस को सूचना दी। इसके बाद आसपास के कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने विरोध कर रहे लोगों और अधिवक्ताओं को शांत कराया, जिसके बाद PDA की ध्वस्तीकरण कार्रवाई दोबारा शुरू की गई। इसके बाद एहतियातन पीएसी भी बुला ली गई। प्रॉपर्टी डीलर जैद खालिद की बताई जा रही डेरी जिस डेयरी पर कार्रवाई हुई, यह प्रॉपर्टी डीलर जैद खालिद की बताई जा रही है। जैद खालिद पूर्व में माफिया अतीक अहमद का करीबी रहा था और उसके साथ मुकदमों में सह अभियुक्त भी रहा। बाद में उसी ने अतीक के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया था। हालांकि, डेयरी के निर्माण और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई को लेकर PDA की ओर से अवैध निर्माण और मानचित्र स्वीकृत न होने को आधार बताया गया है। पुलिस ने संभाला मोर्चा एसीपी धूमनगंज रवि कुमार गुप्ता ने बताया कि PDA अधिकारियों की सूचना पर वह स्वयं पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि कार्रवाई का विरोध कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया गया, जिसके बाद PDA की कार्रवाई आगे बढ़ी। उधर इस मामले में कार्रवाई दल में शामिल जोनल अफसर गंगेश कुमार से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कार्रवाई पूरी होने के बाद ही वह कुछ बता पाएंगे। खबर लिखे जाने तक मौके पर PDA की ध्वस्तीकरण कार्रवाई जारी थी। पुलिस की मौजूदगी में टीम निर्माण के अन्य हिस्सों को हटाने की कार्रवाई कर रही थी।
Source link
माफिया के गढ़ में बनी अवैध डेयरी पर चला बुल्डोजर:प्रयागराज में PDA अफसरों से नोकझोंक, कई थानों की फोर्स-PAC बुलाई
