Headlines

केसरगंज मस्जिद पर हनुमान चालीसा के एलान से अलर्ट:रात में ही पुलिस फोर्स तैनात, सुबह बढ़ाई जा सकती है सुरक्षा, अफसर सतर्क




मेरठ की केसरगंज मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करने के एलान के बाद पुलिस-प्रशासन सतर्क हो गया है। हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों की ओर से सामने आए बयानों के बाद सोमवार रात पुलिस ने एहतियातन केसरगंज मस्जिद के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी। पुलिस फोर्स को मौके पर तैनात कर दिया गया है, जो पूरी रात क्षेत्र में निगरानी रखेगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय स्तर पर स्थिति पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं। पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही आसपास के इलाके में गतिविधियों पर भी निगरानी रखी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं होने दी जाएगी। सुबह और बढ़ सकता है पुलिस बल
पुलिस प्रशासन को आशंका है कि मंगलवार सुबह मस्जिद के आसपास लोगों की भीड़ जुट सकती है। ऐसे में आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा सकती है। फिलहाल पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर ज्यादा जानकारी देने से बच रहे हैं। उनका कहना है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और जरूरत के मुताबिक तत्काल कदम उठाए जाएंगे। बयानों के बाद बढ़ी सतर्कता
हिंदू रक्षा दल के पदाधिकारियों की ओर से केसरगंज मस्जिद में हनुमान चालीसा पाठ का एलान किए जाने के बाद से ही मामला संवेदनशील हो गया है। पुलिस ने किसी भी संभावित विवाद को रोकने के लिए एहतियाती कदम उठाना शुरू कर दिया है। देर रात मस्जिद के आसपास पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई। अधिकारियों का कहना है कि पुलिस का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। किसी को भी ऐसा कोई कदम उठाने की अनुमति नहीं दी जाएगी, जिससे माहौल बिगड़े या आम लोगों को परेशानी हो। अफसरों ने दोहराया- शांति भंग नहीं होने देंगे
पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल किसी पक्ष के संबंध में विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार किया है। उनका कहना है कि पूरे मामले पर नजर रखी जा रही है। किसी भी दशा में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। जरूरत पड़ने पर मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल भेजा जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *