![]()
देवरिया में सोमवार को दिनदहाड़े बुलेट सवार युवक का पिस्टल दिखाकर लग्जरी कार से अपहरण किया गया था। पुलिस ने मंगलवार तड़के 3 बजे युवक को बरामद कर लिया है। युवक की तलाश में सीओ सिटी के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस समेत चार टीमें लगाई गई थीं। मामला महुआडीह थाना क्षेत्र का है। सोमवार को बलटिकरा चौराहे से बुलेट सवार आयुष सिंह को पिस्टल दिखाकर लग्जरी कार में किडनैप किया गया था। पुलिस ने देर रात जिले में करीब डेढ़ दर्जन स्थानों पर दबिश दी। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस अब अपहरण के पीछे रुपये के लेनदेन समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। रामपुर कारखाना थाना क्षेत्र के पिपरा मदन गोपाल का रहने वाला आयुष सिंह बुलेट से बलटिकरा चौराहे पहुंचा था। वह एक मॉल के पास पहुंचा ही था कि एक लग्जरी कार आकर रुकी। आरोप है कि कार सवार लोगों ने पिस्टल दिखाकर आयुष को जबरन कार में बैठा लिया और देवरिया की ओर चले गए। उसका मोबाइल भी छीनकर कुछ दूरी पर सड़क पर फेंक दिया गया। दिनदहाड़े असलहा दिखाकर युवक को ले जाने से चौराहे पर मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। कुछ लोगों को शुरुआती तौर पर लगा कि संभवत: पुलिस या एसओजी की टीम उसे लेकर गई है। हालांकि यूपी-112 को सूचना दिए जाने के बाद पुलिस एक्टिव हुई और टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले गए। एसओजी-सर्विलांस समेत चार टीमें लगीं सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने हाटा की तरफ से आने वाली सड़क से पुरवा तक विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची। बताया जा रहा है कि जिस कार से युवक को ले जाया गया, उस पर नंबर प्लेट नहीं थी, जिससे पुलिस को शुरुआती जांच में परेशानी हुई। एसपी अभिजीत आर. शंकर खुद पूरे मामले की निगरानी करते रहे। पुलिस टीमों ने देर रात कई स्थानों पर छापेमारी की। इसके बाद आयुष को बरामद कर लिया गया। उससे पूछताछ कर घटना की वजह और इसमें शामिल लोगों की भूमिका के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। 3 सितंबर को भी दर्ज हुआ था केस आयुष सिंह के खिलाफ पहले भी रुपये के लेनदेन से जुड़ा मामला दर्ज होने की बात सामने आई है। 3 सितंबर को सदर कोतवाली में गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सिरजमदेई निवासी पीयूष सिंह की शिकायत पर उसके खिलाफ क्रिप्टोकरेंसी में निवेश कराने के नाम पर 10 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया गया था। इस मामले की जांच पुलिस कर रही है। वहीं, कुछ माह पहले आयुष को पुलिस द्वारा हिरासत में लेने और बाद में छोड़ने को लेकर भी विवाद सामने आया था। इस मामले में एक पुलिसकर्मी पर कार्रवाई हुई थी। संपत्ति को लेकर भी जांच की जानकारी आयुष की संपत्ति और आय से जुड़े मामलों की जांच को लेकर पुलिस की ओर से ईडी को पत्र भेजे जाने की जानकारी भी सामने आई है। हालांकि इन पुराने मामलों और सोमवार को हुए कथित अपहरण के बीच कोई सीधा संबंध है या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस वर्तमान घटना में रुपये के लेनदेन, पुराने विवाद और अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस घटना की पूरी कड़ी जोड़ने में जुटी है। एएसपी आनंद कुमार पांडेय ने बताया कि आयुष सिंह को बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
देवरिया में पिस्टल दिखाकर युवक का अपहरण:लग्जरी कार में ले गए, रात भर दबिश देती रहीं पुलिस टीमें, सुबह बरामद किया
