![]()
गोपालगंज में बाढ़ के पानी में जलावन के लिए लकड़ी बीनने गए किसान की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। घटना महमदपुर थाना क्षेत्र के बांस घाट मंसूरिया गांव की है। मृतक की पहचान महमदपुर थाना क्षेत्र के बांस घाट मंसूरिया गांव निवासी बंगाली राय का बेटा धर्मनाथ राय(55) के रूप में हुई है। दरअसल, धर्मनाथ राय अपने घर के आसपास फैले बाढ़ के पानी में जलावन के लिए सूखी लकड़ियां इकट्ठा करने गए थे। इसी दौरान पानी में छिपे एक बेहद विषैले सर्प ने उन्हें डस लिया। सांप के काटते ही किसान की तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी और वे अचेत होकर वहीं गिर पड़े। इलाज के दौरान जहर फैलने से तोड़ा दम घटना की जानकारी मिलते ही आसपास मौजूद ग्रामीणों और परिजनों ने आनन-फानन में किसान को उपचार के लिए स्थानीय अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल में इलाज के दौरान ही जहर फैलने के कारण किसान ने दम तोड़ दिया। डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। लकड़ियों के ढेर में शरण ले रहे कीड़े-मकोड़े ग्रामीणों का कहना है कि इन दिनों इलाके में बाढ़ का पानी फैलने के कारण जहरीले सांप और अन्य कीड़े-मकोड़े सुरक्षित स्थानों तथा सूखी लकड़ियों के ढेर में शरण ले रहे हैं। ऐसे में जलजमाव वाले क्षेत्रों में लकड़ी या अन्य सामान जुटाने जाना जानलेवा साबित हो रहा है। घटना की सूचना महमदपुर थाना पुलिस को दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और कागजी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। स्थानीय ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आपदा प्रबंधन कोष के तहत उचित आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है।
Source link
लकड़ी बीनने गए किसान को सांप ने डंसा, मौत:गोपालगंज में इलाज के दौरान तोड़ा दम, बाढ़ के पानी में जलावन लेने गए थे
