![]()
पानीपत जिले में डेंगू के दो और नए मरीज मिलने के बाद इस सीजन में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। नए मामलों में विकास नगर की 34 वर्षीय महिला और जाटल रोड स्थित पूजा विहार कॉलोनी के पास रहने वाला 15 वर्षीय बच्चा शामिल है। दोनों मरीजों का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, पहला मामला विकास नगर से सामने आया है। यहां 34 वर्षीय महिला की डेंगू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं, दूसरा मामला जाटल रोड स्थित पूजा विहार कॉलोनी के पास का है, जहां 15 वर्षीय बच्चे में डेंगू की पुष्टि हुई है। दोनों मरीज निजी अस्पताल में भर्ती हैं और चिकित्सकीय निगरानी में उपचार ले रहे हैं। लगातार नए मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने शहरी क्षेत्रों में डेंगू की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की टीमें संभावित मच्छर प्रजनन स्थलों की जांच करने के साथ ही जरूरत वाले क्षेत्रों में फॉगिंग कर रही हैं। लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। बुखार को हल्के में न लें, चेतावनी संकेतों पर तुरंत अस्पताल जाएं स्वास्थ्य निरीक्षक जसमेर ने बताया कि डेंगू में तेज बुखार के साथ सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द, शरीर और जोड़ों में दर्द, जी मिचलाना, उल्टी और त्वचा पर चकत्ते जैसे लक्षण हो सकते हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार डेंगू में बुखार उतरने के बाद भी मरीज की हालत बिगड़ सकती है। पेट में तेज दर्द, लगातार उल्टी, नाक या मसूड़ों से खून आना, तेजी से सांस चलना, अत्यधिक कमजोरी, बेचैनी, खून की उल्टी या मल में खून और त्वचा का ठंडा पड़ना गंभीर डेंगू के चेतावनी संकेत हैं। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए।
Source link
पानीपत में डेंगू के दो और नए केस मिले:जिले में सख्या पहुंची 25, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी
