Headlines

हिमाचल CM पर बरसे पूर्व मंत्री बिक्रम:बोले- सुक्खू की वजह से कांग्रेस का 'बीज' खत्म होगा; रिपीट नहीं, डिफीट होगी, हर मोर्चे पर विफल




हिमाचल सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के फिर से सरकार बनाने के बयान पर भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री बिक्रम सिंह ठाकुर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू जिन पदों की बात कर रहे हैं, वे सभी मनोनीत (नॉमिनेटेड) रहे हैं। इस बार नॉमिनेशन से काम नहीं चलेगा, जनता के बीच चुनाव लड़ना है। बिक्रम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस सरकार के खिलाफ माहौल बन चुका है। मुख्यमंत्री सुक्खू दोबारा सत्ता में नहीं लौट पाएंगे। लोग डंडा लेकर तैयार बैठे हैं। यहां रिपीट नहीं, डिफीट होगी। कांग्रेस इसका नमूना पंचायती राज चुनावों में भी देख चुकी है। दरअसल, सीएम सुक्खू ने दो दिन पहले कहा था कि वह आज तक जिस भी पद पर रहे, लंबा कार्यकाल रहा। पहले वह NSUI, फिर यूथ कांग्रेस और बाद में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष लंबे समय तक रहे। लिहाजा, सीएम ने अब बतौर मुख्यमंत्री फिर से कांग्रेस सरकार बनाने के संकेत दिए थे। कांग्रेस कभी दोबारा सत्ता में नहीं आएगी: बिक्रम बिक्रम ठाकुर ने कहा कि ‘सुखविंद्र सुक्खू हिमाचल के ऐसे पहले मुख्यमंत्री होंगे, जिनकी वजह से प्रदेश में कांग्रेस का ‘बीज’ समाप्त हो जाएगा। अब दोबारा कभी भी कांग्रेस सत्ता में नहीं आएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने अपने कार्यकाल में जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने के बजाय केवल राजनीतिक बयानबाजी की है। चढ़ावा चोरी मामले में कांग्रेस पर राजनीति करने के आरोप लगाए राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर पूछे गए सवाल के जवाब में बिक्रम ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले में तुरंत कार्रवाई की है। एसआईटी का गठन किया गया है और मामले के आरोपी जेल में हैं। ऐसे में कांग्रेस द्वारा इस मुद्दे पर सवाल उठाना केवल राजनीति से प्रेरित है। राम को काल्पनिक कहने वाली कांग्रेस उठा रही सवाल: ठाकुर पूर्व मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘आज कांग्रेस सवाल उठा रही है, लेकिन यही कांग्रेस पहले कहती थी कि वहां मंदिर नहीं था। भगवान राम को काल्पनिक बताया जाता था। राम मंदिर का निर्माण न हो, इसके लिए कांग्रेस ने सुप्रीम कोर्ट में बड़े-बड़े वकील खड़े किए थे। अब वही लोग इस मामले पर राजनीति कर रहे हैं।’ जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने को राजनीति कर रही कांग्रेस बिक्रम ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस असली जनहित के मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे विषय उठा रही है। उनके अनुसार, प्रदेश और देश के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय कांग्रेस केवल राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। पीएम को बताने की जरूरत नहीं, के कब क्या बोलना है? राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी को लेकर कांग्रेस के सवालों पर उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री मोदी को कब और किस विषय पर बोलना है, यह उन्हें किसी से सीखने की जरूरत नहीं है। वह जानते हैं कि किस समय क्या कहना है। कांग्रेस के कहने पर मोदी जी कुछ बोलेंगे, उनकी पार्टी के अंदर ऐसी व्यवस्था नहीं है।’ हर मोर्चे पर विफल रही सुक्खू सरकार: बिक्रम प्रदेश सरकार के कामकाज पर भी हमला बोलते हुए बिक्रम ठाकुर ने कहा कि सुक्खू सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश का आम जनमानस सरकार की नीतियों से दुखी है और विकास कार्य ठप पड़े हैं। उन्होंने मेडिकल डिवाइस पार्क का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में केंद्र सरकार ने हिमाचल को मेडिकल डिवाइस पार्क जैसी महत्वपूर्ण परियोजना दी थी, लेकिन कांग्रेस सरकार चार वर्षों में इस परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए कोई ठोस काम नहीं कर सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने विकास करने के बजाय इस परियोजना का भी राजनीतिकरण किया, जिससे प्रदेश के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की संभावनाओं को नुकसान पहुंचा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *