![]()
यमुनानगर के छछरौली थाना क्षेत्र के जेधर गांव में खेत से मिले जगाधरी निवासी 55 वर्षीय इरफान के शव के मामले में पुलिस की जांच अब पैसों के लेनदेन के एंगल पर भी आगे बढ़ रही है। इरफान के सिर पर गहरी चोट के निशान मिले थे और चेहरा खून से लथपथ था। पुलिस को घटनास्थल से करीब 50 हजार रुपए नकद मिले थे, जबकि उसकी जेब फटी हुई और पजामा खुला हुआ मिला था। परिजनों के मुताबिक इरफान का अक्सर लोगों के साथ पैसों का लेनदेन रहता था। कई लोगों से उन्हें अभी भी रूपए वापिस लेने थे। ऐसे में पुलिस अब उसके आर्थिक लेनदेन और उन लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है, जिनसे उसका हाल के दिनों में संपर्क हुआ था। बेटा बोला- कुछ दिन पहले पड़ोस के व्यक्ति से हुआ था विवाद मृतक इरफान के बेटे गुलजार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उनके पिता का पास में रहने वाले एक व्यक्ति के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच कहासुनी भी हुई थी। बात काफी आगे बढ़ी थी। गुलजार का कहना है कि इस व्यक्ति से भी पुलिस को पूछताछ करनी चाहिए, ताकि यह पता चल सके कि उसके पिता के साथ उसका किस तरह का आर्थिक लेनदेन था और विवाद किस बात को लेकर हुआ था। हालांकि, परिजनों ने किसी व्यक्ति पर सीधे तौर पर हत्या का आरोप नहीं लगाया है। डेढ़ लाख किससे लेने थे, परिवार को भी नहीं पता इरफान के दोस्त राकेश कुमार ने बताया था कि मंगलवार को इरफान ने उससे कहा था कि उसे किसी व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपए लेने हैं। इसी वजह से उसने छछरौली में उतरने की बात कही थी। इरफान ने कहा था कि संबंधित व्यक्ति वहीं पैसे देने के लिए आएगा और उसने उसे काफी परेशान किया हुआ है। इसके बाद इरफान वापस नहीं लौटा और उसका मोबाइल भी बंद मिला। वहीं, बेटे गुलजार का कहना है कि उनके पिता ने किस व्यक्ति से डेढ़ लाख रुपए लेने थे, इस बारे में परिवार को कोई जानकारी नहीं थी। यही रकम और उससे जुड़े व्यक्ति की पहचान पुलिस की जांच में अहम कड़ी मानी जा रही है। बेटे गुलजार ने पिता के दोस्त राकेश पर भी शक जाहिर करते हुए पूछताछ की मांग की है। घर से निकलने के बाद नहीं लौटा, सुबह मिली शव की फोटो परिजनों के अनुसार इरफान मंगलवार सुबह घर से निकले थे। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटे। रात में उनका मोबाइल बंद मिला। बुधवार सुबह परिजनों के मोबाइल पर इरफान के शव की फोटो पहुंची, जिसके बाद परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे और शव की पहचान की। इरफान ईंट-भट्ठों पर मिट्टी सप्लाई की ठेकेदारी लेते थे। परिजनों के मुताबिक काम के सिलसिले में उनका कई लोगों से पैसों का लेनदेन रहता था। पुलिस अब उनके फोन की कॉल डिटेल, संपर्क में रहे लोगों और पिछले कुछ दिनों के दौरान हुए लेनदेन की जानकारी जुटा सकती है। जेब में 50 हजार, फिर भी फटी मिली जेब घटनास्थल पर पुलिस को इरफान की जेब से करीब 50 हजार रुपए नकद मिले थे। वहीं उसकी जेब फटी हुई थी और पजामा भी खुला हुआ था। शव के आसपास वाहन के टायरों के निशान भी मिले हैं। इन परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है। सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल जांच से खुल सकते हैं राज छछरौली थाना पुलिस गांव और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इरफान आखिरी बार किन लोगों के संपर्क में थे और वह जेधर गांव तक कैसे पहुंचे। इसके अलावा उनके मोबाइल की गतिविधियों और कॉल डिटेल की जांच भी मामले में महत्वपूर्ण हो सकती है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इरफान की हत्या घटनास्थल पर ही की गई। उसके सिर पर गहरी चोट के निशान मिले हैं। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह और इसमें शामिल लोगों की पहचान जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
Source link
यमुनानगर ठेकेदार हत्याकांड:कुछ दिन पहले पड़ोसी से हुआ पैसों को लेकर विवाद, डेढ़ लाख की बात भी घर नहीं बताई
