.
पंजाब-चंडीगढ़ में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस प्रधान राजा वड़िंग के बयान से जुड़ी रही। उन्होंने दिल्ली में राहुल गांधी को इस्तीफा सौंपने के बाद कहा कि सचिन पायलट उन्हें हटाना चाहते थे। वड़िंग ने ये भी संकेत दिए कि वह 3 महीने बाद होने वाले चुनाव से दूर रह सकते हैं।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पंजाब कांग्रेस प्रधान का इस्तीफा, बोले- छुट्टी चाहिए

पंजाब विधानसभा चुनाव से करीब 3 महीने पहले कांग्रेस सांसद अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने दिल्ली में राहुल गांधी से मुलाकात कर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष पद से औपचारिक इस्तीफा सौंप दिया। 10 जनपथ पर राहुल मुलाकात के बाद वड़िंग ने कहा कि इस्तीफा उन्होंने खुद दिया है, पार्टी ने नहीं मांगा। उन्होंने कहा कि अब कुछ दिन छुट्टी लेना चाहते हैं और जहां पार्टी को उनकी जरूरत होगी, वहां खड़े रहेंगे।
वहीं, पंजाब प्रभारी सचिन पायलट को लेकर वड़िंग ने कहा कि उन्हें पक्का नहीं, लेकिन शायद पायलट को लगा होगा कि उन्हें हटाना चाहिए। उन्होंने बताया कि पायलट से उनकी सिर्फ दो बार मुलाकात हुई। नए अध्यक्ष की दौड़ में विजयइंदर सिंगला, प्रताप बाजवा, परगट सिंह, सुख सरकारिया और गुरजीत औजला के नाम चर्चा में हैं (पढ़ें पूरी खबर)
2. LPU हिंसा: 20 नामजद, 9 आरोपी गिरफ्तार

फगवाड़ा स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) हिंसा मामले में अब तक 9 आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं, जबकि 20 को नामजद किया गया है। CCTV, सोशल मीडिया और अन्य डिजिटल सबूतों से आरोपियों की पहचान हुई। हिंसा के दौरान कैंपस के बाहर लगे MIG-23UM फाइटर जेट पर चढ़े नाबालिग छात्र को हिमाचल के मंडी से गिरफ्तार किया गया। वह LPU में B.Tech इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स का छात्र है।
उसके पिता मंडी DC ऑफिस में अधिकारी हैं। फाइटर जेट पर खड़े उसकी आग की पृष्ठभूमि वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी। DIG नवीन सिंगला के मुताबिक, प्रदर्शनकारियों ने पुलिस-मीडिया पर पथराव, वाहनों में तोड़फोड़ और आगजनी की। NH-44 को 18 घंटे से ज्यादा जाम रखा गया। दो पिज्जा डिलीवरी बॉय भी गिरफ्तार हुए, जिन पर लूट के इरादे से पहुंचने का आरोप है (पढ़ें पूरी खबर)
3. DSP ऑफिस के बाहर फायरिंग

फाजिल्का के जलालाबाद में गुरुवार शाम DSP लवदीप सिंह गिल के ऑफिस के बाहर फायरिंग हुई। पुलिस के मुताबिक, 3-4 बाइकों पर सवार युवक लाल बत्ती चौक की तरफ से आए और ऑफिस की ओर फायरिंग की। कुछ युवक ऑफिस के अंदर भी घुसे। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाका घेरकर कार्रवाई शुरू की और दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि बाकी फरार हो गए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोना सिंह उर्फ सोनू निवासी अमीर खास और आकाश निवासी वैरोका क्षेत्र के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से अवैध .32 बोर पिस्टल बरामद हुई। पुलिस जांच कर रही है कि DSP ऑफिस के बाहर हुई फायरिंग में इसी हथियार का इस्तेमाल हुआ था या नहीं (पढ़ें पूरी खबर)
4. पड़ोसन ने 5 साल की बच्ची को पीटा

अमृतसर के धर्मपुरा इलाके में पड़ोस में रहने वाली महिला ने करीब 5 साल की बच्ची से सड़क पर मारपीट की। CCTV में महिला बच्ची को पकड़कर कुछ सेकेंड में कई थप्पड़ मारती, जमीन पर गिराती और घसीटकर अपने घर की ओर ले जाती दिख रही है। बच्ची को बचाने पहुंची उसकी मां के साथ भी महिला ने हाथापाई की। आसपास के लोगों ने पहुंचकर बच्ची को छुड़ाया।
परिजनों के मुताबिक, बच्ची घर से सामान लेने निकली थी। महिला ने अचानक उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। परिवार ने महिला के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। CCTV फुटेज पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने का दावा किया है, लेकिन पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। महिला की मां ने बताया कि दोनों परिवारों में पहले से रंजिश थी (पढ़ें पूरी खबर)
5. चितकारा यूनिवर्सिटी हिंसा में 2 पूर्व छात्र गिरफ्तार

राजपुरा की चितकारा यूनिवर्सिटी में छात्र हिंसा मामले में पंजाब पुलिस ने शुक्रवार को दो पूर्व छात्रों हिमांशु और आर्यन को गिरफ्तार किया। SSP हरमनदीप सिंह हंस के मुताबिक, दोनों ने सोशल मीडिया ग्रुप्स में भ्रामक संदेश फैलाकर छात्रों को भड़काया। 25 सितंबर रात 10:30 बजे शुरू हुआ तनाव अगले दिन तक चला। हॉस्टल से डरावनी आवाजें और छात्राओं के लापता होने की अफवाह के बाद हजारों छात्र जुटे। शुरुआती जांच में आवाजों को छात्र शरारत बताया गया।
प्रदर्शन में दो पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ और कर्मचारी अजय कुमार से मारपीट हुई। वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया। 29 सितंबर को FIR दर्ज हुई। दोनों पर हत्या के प्रयास, दंगा, गैरकानूनी जमावड़ा और आपराधिक साजिश समेत धाराएं लगी हैं। FIR में नामजद 10 अन्य की तलाश जारी है। पुलिस सोशल मीडिया की निगरानी कर अन्य लोगों की भूमिका जांच रही है।
6. ETT टीचरों का प्रदर्शन, पुलिस ने हिरासत में लिए

पंजाब के करीब 180 ETT टीचर शुक्रवार को मांगों को लेकर चंडीगढ़ पहुंचे। सेक्टर-30 में जुटने के बाद वे AAP नेता मनीष सिसोदिया के सेक्टर-39 स्थित आवास की ओर बढ़े, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में रोक दिया। कई शिक्षकों को हिरासत में लिया गया। पुलिस कार्रवाई के विरोध में शिक्षक सड़क पर लेट गए। उनका कहना है कि वे शांतिपूर्वक सिसोदिया से मिलकर अपनी समस्याएं बताना चाहते थे।
टीचरों की मुख्य मांग वेतन विसंगति दूर कर पंजाब सरकार का पे-स्केल लागू करना है। उनका दावा है कि उन्हें केंद्रीय 7वें वेतन आयोग के स्केल के तहत वेतन मिल रहा है, जबकि समान भर्ती के अन्य शिक्षकों को पंजाब पे-स्केल मिल रहा है। मामला 2016 की ETT भर्ती से जुड़ा है। शिक्षकों के मुताबिक, कोर्ट के आदेश पर बहाली के बावजूद वेतन और सेवा शर्तों से जुड़े मुद्दे लंबित हैं (पढ़ें पूरी खबर)
7. कैशियर हत्याकांड: जिन्हें जिम्मेदार ठहराया, चार्जशीट में नाम नहीं

चंडीगढ़ पुलिस ने कैशियर जानकी दास हत्याकांड की चार्जशीट पेश कर दी है। कोर्ट में पेश चार्जशीट में चौंकाने वाली बात ये है कि इनमें गैंगस्टर राणा ढिल्लों और गोल्डी ढिल्लों के नाम नहीं है। इससे पहले पुलिस दोनों को हत्या की साजिश से जोड़ती रही है। चार्जशीट में सन्नी मेहरा के कबूलनामे के मुताबिक साजिश की कड़ी जम्मू जेल से जुड़ती है।
रोहित उर्फ मक्खन के जरिए काम मिलने के बाद सन्नी और साथी जालंधर पहुंचे। वहां से अमृतसर होते हुए तरनतारन गए, जहां खान नाम के व्यक्ति ने उन्हें जिगाना और .30 बोर पिस्टल के साथ 50 हजार रुपये दिए। इसके बाद वे चंडीगढ़ पहुंचे। पुलिस ने 500 से ज्यादा पन्नों की चार्जशीट में 9 आरोपियों को नामजद किया है। वहीं, जांच में यह भी सामने आया कि शूटरों ने पहले रेकी की थी और 13 जून को जानकी दास की हत्या की (पढ़ें पूरी खबर)
8. BSF ने 2 पाकिस्तानी घुसपैठिए ढेर किए

तरनतारन के खालरा इलाके में BSF ने भारतीय सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे 2 पाकिस्तानी घुसपैठियों को मार गिराया। घटना गुरुवार रात करीब 12:30 बजे BOP राजोके के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, दोनों को BSF जवानों ने रुकने की चेतावनी दी, लेकिन वे आगे बढ़ते रहे। इसके बाद जवानों ने फायरिंग की, जिसमें दोनों की मौत हो गई।
BSF के मुताबिक, इसी दौरान एक और घुसपैठिया भारतीय सीमा में घुस आया था, लेकिन फायरिंग के बाद वापस पाकिस्तान भाग गया। घटना के बाद सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा एजेंसियों ने अलर्ट बढ़ा दिया है। मारे गए दोनों घुसपैठियों के पाकिस्तानी नागरिक होने की जानकारी है। तरनतारन में इससे पहले भी 2026, 2024, 2023 और 2021 में पाकिस्तानी घुसपैठिए मारे जा चुके हैं (पढ़ें पूरी खबर)
9. आर्मी कैंप में फौजी की पत्नी से रेप

लुधियाना के CG आर्मी कैंप में एक जवान पर साथी फौजी की पत्नी से रेप का आरोप लगा है। महिला का पति जम्मू में तैनात है और वह बेटी के साथ कैंप के सरकारी क्वार्टर में रहती है। महिला के मुताबिक, आरोपी ने क्वार्टर दिलाने में मदद की थी। इसके बाद उसका घर आना-जाना बढ़ गया। आरोप है कि नजदीकी बढ़ने के बाद जवान ने जबरदस्ती संबंध बनाए और विरोध करने पर पति से तलाक करवाने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, 28 सितंबर को आरोपी ने महिला को अपने गेस्ट रूम में बुलाया और वहां उसके साथ जबरदस्ती की। इसके बाद महिला ने पुलिस में शिकायत दी। डिवीजन नंबर-5 पुलिस ने 1 अक्टूबर को आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 64 में FIR दर्ज की है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। आरोपी जवान शादीशुदा है और उसकी एक बेटी है (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके
10. ड्राइवर को कुत्ते के पिंजरे में बंद किया

पटियाला में टिप्पर पलटने के बाद मालिक इस कदर गुस्से में आए कि ड्राइवर को कुत्ते के पिंजरे में बंद कर दिया। जिसके बाद उसके साथ मारपीट की गई है। इसका वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो में ड्राइवर को पिंजरे में बंद कर लात-घूंसों से पीटने, पैरों में गिरकर माफी मांगने और टिप्पर मालिकों को ‘जीजा’ कहने के लिए मजबूर करने का दावा है।
पुलिस के मुताबिक, ड्राइवर और टिप्पर मालिकों का विवाद पहले ही अनाज मंडी थाने पहुंच चुका था। इस मामले में सदर थाने में चार लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। शिकायत के अनुसार ड्राइवर को चार-पांच लोग कथित तौर पर जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए और बाद में पीटा तथा पिंजरे में बंद किया।
FIR में राजेश कुमार, बलवीर सिंह, अभिषेक और लाडी के नाम हैं, जबकि कुछ अज्ञात लोगों का भी जिक्र है। पटियाला SSP हरमनदीप हंस ने कहा है कि वीडियो की जांच के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
