![]()
धनबाद के झरिया के सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में शुक्रवार को जितिया पर्व के स्नान के दौरान 16 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी तेज धार में बहकर लापता हो गई। घटना के बाद नदी घाट पर अफरातफरी मच गई। सूचना मिलने पर सुदामडीह पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सोनाक्षी की तलाश शुरू की। गहरे पानी और तेज बहाव से हुआ हादसा सोनाक्षी आरा से लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई थी। शुक्रवार को वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ जितिया पर्व का स्नान करने अमलाबाद दामोदर नदी पहुंची थी। परिवार के लोग नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान सोनाक्षी गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आ गई और बहने लगी। किशोरी को बचाने में मामा पानी में फंसे सोनाक्षी को डूबता देख उसके मामा अमन उसे बचाने के लिए नदी में उतर गए। तेज बहाव के कारण वह भी पानी में फंस गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अमन को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन सोनाक्षी तेज धार में बहकर लापता हो गई। भटिंडा फॉल से गोताखोरों को बुलाने की मांग इधर, घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोग धनबाद के भटिंडा फॉल से गोताखोरों को बुलाने की मांग को लेकर आक्रोशित हो गए। गोताखोरों को जल्द बुलाने की मांग को लेकर लोगों ने सड़क जाम कर दिया। लोगों का कहना है कि प्रशिक्षित गोताखोरों के पहुंचने से सोनाक्षी की तलाश में तेजी आ सकती है। सड़क जाम के बीच गोताखोरों को बुलाने के लिए प्रयास जारी है। वहीं, दूसरी ओर पुलिस और स्थानीय लोग नदी में सोनाक्षी की तलाश में जुटे हुए हैं। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं: सांसद प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे सांसद प्रतिनिधि गफ्फार अंसारी ने कहा कि दामोदर नदी में हर वर्ष स्नान के दौरान इस तरह की घटनाएं सामने आती हैं। इसके बावजूद संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था नहीं रहती। उन्होंने डेंजर जोन में बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की।
Source link
धनबाद में जितिया स्नान के दौरान किशोरी नदी में डूबी:बचाने उतरे मामा को लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाला, गोताखोरों की मांग पर रोड जाम
