Headlines

नूंह में व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत:खेत में पड़ा मिला शव, परिजनों ने हत्या की आशंका जताई; तीन बच्चों का पिता




नूंह जिले के सदर थाना फिरोजपुर झिरका क्षेत्र के गांव भाकड़ोजी के जंगल में शुक्रवार को 37 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान जानू पुत्र इस्लाम निवासी शाहपुर के रूप में हुई। जानू का शव जंगल क्षेत्र में खेत में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है। जानकारी के अनुसार, जानू शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे रोजाना की तरह गाय चराने के लिए भाकड़ोजी के जंगल में गया था। कुछ समय बाद जंगल में काम कर रहे लोगों ने उसे खेत में पड़ा देखा। इसके बाद गांव में सूचना दी गई। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और जानू को उपचार के लिए मांडीखेड़ा स्थित अल-आफिया अस्पताल लेकर गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गाय पालन करता था परिवार का भरण पोषण परिजनों के अनुसार, जानू लंबे समय से गाय पालन कर परिवार का पालन-पोषण कर रहा था। उसके तीन बच्चे हैं और उसकी एक बेटी की शादी भी हो चुकी है। अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों ने जानू की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई है। हालांकि अभी तक मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। सदर थाना फिरोजपुर झिरका प्रभारी सुभाष चंद्र ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अल-आफिया अस्पताल, मांडीखेड़ा में रखवा दिया है। अभी तक परिजनों की ओर से पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद जांच कर नियमानुसार जांच कर आगामी कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *