Headlines

कोरिया में आटो-पिकअप में टक्कर, तीन की मौत:दशगात्र से लौट रही आटो सवार 12 अन्य महिलाएं घायल, चार जिला अस्पताल रेफर




कोरिया जिले के पटना थाना क्षेत्र के ग्राम सांवारावा में शुक्रवार देर शाम सावारांवा के पास पिकअप और ऑटो में सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे में आटो सवार तीन महिलाओं की मौत हो गई और 12 अन्य महिलाएं घायल हो गईं। घटना पटना थाना क्षेत्र की है। हादसे में घायल महिलाओं को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल महिलाओं को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक, पटना थाना क्षेत्र के करहीपारा, छिंदिया गांव की महिलाएं दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने बिलारो गांव गईं थी। शुक्रवार देर शाम वे आटो में सवार होकर लौट रही थीं। आटो में 15 महिलाएं सवार थीं। पिकअप ने मारी टक्कर, तीन की मौके पर मौत शाम करीब 8 बजे आटो सावारांवा के पास पहुंची। आटो को बैकुंठपुर की ओर से जा रही तेज रफ्तार पिकअप ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि आटो सवार कुछ महिलाएं उछलकर सड़क पर गिर गईं। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर मौत हो गई। मृतकों में फुलकुंवर पति महेंद्र सिंह (50 वर्ष), रामबाई पति रामकुमार (60 वर्ष) और फुलकुंवर पति जगजीवन (60 वर्ष) शामिल हैं। हादसे में 12 अन्य महिलाएं भी घायला हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद बैकुंठपुर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। पटना थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार पिकअप वाहन तथा उसके चालक की पतासाजी कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *