Headlines

रामपुर में भैंस लूट का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार:9 दिन बाद खुलासा हुआ, आरोपी से 17,250 रुपए, तमंचा और बाइक बरामद




रामपुर के टांडा थाना क्षेत्र में 23/24 सितंबर की रात हुई भैंस लूट की घटना का पुलिस ने शनिवार को खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से लूट की रकम, तमंचा, कारतूस और बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने दो दिन बाद मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस के मुताबिक, शनिवार को मुखबिर की सूचना पर टांडा पुलिस ग्राम कुंडेसरा से जटपुरा पुलिया की ओर जाने वाले रास्ते पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
पुलिस के अनुसार, जवाबी कार्रवाई में बाइक सवार आलम उर्फ बाबू पुत्र हनीफ निवासी खाईखेड़ा, थाना मूंडापांडे, मुरादाबाद, दाहिनी टांग में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से भैंस लूट से संबंधित 17,250 रुपए, 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की सफेद अपाचे बाइक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने 23/24 सितंबर की रात साथियों के साथ मिलकर भैंस लूटने की वारदात करना स्वीकार किया है। पुलिस अब उसके साथियों की तलाश में जुटी है। आरोपी के खिलाफ रामपुर और मुरादाबाद के अलग-अलग थानों में कई मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस मुठभेड़ के संबंध में भी अलग मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह सिसोदिया ने शनिवार शाम करीब 4 बजे बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। लूटी गई दो भैंसों को कहां और किस बाजार में बेचा गया, इसकी भी जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *