![]()
चंडीगढ़ रामदरबार स्थित मंडी ग्राउंड में शनिवार सुबह करीब 5 बजे खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने पनीर की खेप पकड़ी। टीम ने सूचना के आधार पर पनीर लेकर जा रही बोलेरो पिकअप गाड़ी को रोककर जांच की। गाड़ी से करीब 200 किलो पनीर बरामद हुआ। बता दें कि प्रशासन ने शहर में बिक रहे मिलावटी पनीर की आशंका के चलते यह कार्रवाई की है। टीम ने पूरी खेप जब्त कर उसे कोल्ड स्टोरेज में रखवा दिया है। पनीर का सैंपल जांच के लिए एनएबीएल मान्यता प्राप्त खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा कानून के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी। खाद्य सुरक्षा विभाग को पनीर की खेप के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने रामदरबार मंडी ग्राउंड में कार्रवाई की। सुबह करीब 5 बजे पनीर लेकर जा रही बोलेरो पिकअप को रोका गया। जांच के दौरान गाड़ी में बड़ी मात्रा में पनीर मिला। अधिकारियों ने पनीर को मौके पर ही कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी। विभाग ने बरामद पनीर का सैंपल लिया है। इसे जांच के लिए एनएबीएल मान्यता प्राप्त खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। अभी पनीर मिलावटी या असुरक्षित है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इसकी गुणवत्ता को लेकर अंतिम स्थिति लैब रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर खाद्य सुरक्षा कानून के तहत संबंधित व्यक्ति या कारोबारी के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी। होटल-ढाबों को अधिकृत सप्लायर से खरीदने के निर्देश खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, फास्ट फूड सेंटर और अन्य खाद्य कारोबारियों को पनीर, दूध और अन्य कच्चा खाद्य सामान केवल अधिकृत और भरोसेमंद सप्लायर से खरीदने के निर्देश दिए हैं। कारोबारियों से खरीद के बिल और रसीदें सुरक्षित रखने को भी कहा गया है, ताकि जरूरत पड़ने पर खाद्य सामग्री के स्रोत का पता लगाया जा सके। विभाग ने यह भी निर्देश दिए हैं कि खाने में इस्तेमाल किए जाने वाले पनीर के प्रकार और उसकी गुणवत्ता से जुड़ी जानकारी मेन्यू या परिसर में स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाए। पनीर सप्लायर से लेकर होटल तक होगी जांच खाद्य सुरक्षा विभाग ने साफ किया है कि आने वाले दिनों में भी अचानक जांच अभियान जारी रहेगा। इस दौरान पनीर सप्लायर के अलावा होटल, रेस्टोरेंट, ढाबे, मिठाई की दुकानों और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की जाएगी। विभाग का फोकस खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उसके स्रोत की जांच पर रहेगा। विभाग ने लोगों से मिलावटी या असुरक्षित दूध-पनीर की जानकारी मिलने पर शिकायत करने की अपील की है। इसके लिए खाद्य सुरक्षा कनेक्ट एप का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा विभाग के हेल्पलाइन नंबर 0172-2782457 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।
Source link
चंडीगढ़ में पिकअप से 200 किलो पनीर जब्त:खाद्य सुरक्षा विभाग की सुबह 5 बजे रेड; टीम ने सैंपल जांच के लिए लैब भेजा
