Headlines

सड़क व नाले पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं दोबारा अतिक्रमण पर दर्ज होगी प्राथमिकी




भास्कर न्यूज|मधुबनी शहर के थाना चौक के समीप सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण की समस्या को लेकर यातायात पुलिस व नगर निगम प्रशासन ने शनिवार को कार्रवाई की। यातायात थाना पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे दुकान लगाने और सामान रखने वाले लोगों को समझाया। पुलिस ने अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होने और लोगों को हो रही परेशानी को देखते हुए संबंधित लोगों से सड़क एवं फुटपाथ को अतिक्रमणमुक्त रखने की अपील की। मौके पर पहुंचे डीएसपी ट्रैफिक सुजीत कुमार ने अतिक्रमणकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि सड़क या सार्वजनिक स्थान पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सड़क एवं फुटपाथ को खाली रखना जरूरी है। दुकानदारों और अन्य लोगों को निर्धारित स्थान पर ही दुकान या सामान रखने की हिदायत दी गई। डीएसपी ट्रैफिक ने कहा कि समझाने के बाद भी यदि किसी व्यक्ति द्वारा दोबारा सड़क या सार्वजनिक स्थान पर अतिक्रमण किया जाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर प्राथमिकी भी दर्ज की जाएगी। उन्होंने संबंधित लोगों को चेतावनी देते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को स्वीकार नहीं किया जाएगा। थाना चौक शहर के प्रमुख व्यस्त इलाकों में शामिल है। यहां दिनभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। सड़क किनारे अस्थायी दुकानें, ठेला और सामान रखे जाने से कई बार सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है। इससे वाहनों के आवागमन में परेशानी के साथ जाम की स्थिति भी उत्पन्न होती है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे सड़क, फुटपाथ और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण कर यातायात व्यवस्था को प्रभावित न करें। पुलिस ने संकेत दिया कि आने वाले दिनों में भी शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर अतिक्रमण के खिलाफ निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *