Headlines

गुरुग्राम में रेपिडो राइडर को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचला:द्वारका-एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास पहले टेंपो ने टक्कर मारी, फिर पीछे आया ट्रक ऊपर चढ़ा




गुरुग्राम के बजघेड़ा में द्वारका एक्सप्रेसवे अंडरपास के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने रैपिडो राइडर को कुचल दिया। बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बैठा मकान मालिक का बेटा घायल हो गया। मृतक युवक की पहचान 26 वर्षीय अनुराग के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले के हैदरगढ़ गांव का रहने वाला था। अनुराग गुरुग्राम के सेक्टर-6 में एक किराये के मकान में रहता था और यहां ओला व रैपिडो कंपनियों के लिए बाइक टैक्सी चलाने का काम करता था। वह अपने मकान मालिक के बेटे को बाइक पर पीछे बिठाकर किसी काम से बजघेड़ा की तरफ जा रहा था।
हादसा उस वक्त हुआ जब अनुराग की बाइक द्वारका अंडरपास से बाहर निकली। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अंडरपास के ठीक बाहर सड़क किनारे एक टेंपो खड़ा था। जैसे ही अनुराग की बाइक वहां से गुजरी, टेंपो चालक ने बिना पीछे देखे अचानक अपनी गाड़ी आगे बढ़ा दी। टेंपो की टक्कर से सड़क पर गिरा टेंपो की जोरदार टक्कर लगते ही अनुराग की बाइक का संतुलन बिगड़ गया। बाइक पर पीछे बैठा युवक सड़क के दूसरी तरफ सुरक्षित गिर गया, लेकिन अनुराग सीधे सड़क के बीचो-बीच जा गिरा। इसी दौरान ठीक पीछे से आ रहा एक माल से लदा भारी ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरे अनुराग के ऊपर से गुजर गया। ट्रक का पहिया अनुराग के ऊपर चढ़ने के कारण उसे संभलने तक का मौका नहीं मिला और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद दोनों आरोपी वाहन चालक अपने-अपने वाहन लेकर मौके से फरार हो गए। थाने के पास हुआ हादसा व्यस्त सड़क पर हुए इस हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही कुछ कदम दूर पर स्थित बजघेड़ा थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भिजवा दिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। बेटे की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया है। ड्राइवरों के खिलाफ केस दर्ज
बजघेड़ा थाना पुलिस ने इस मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटनास्थल और अंडरपास के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी टेंपो और ट्रक चालकों की पहचान की जा सके। जल्द ही दोनों वाहनों को जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। टोल बचाने का रास्ता और खड़े रहते हैं ट्रक द्वारका एक्सप्रेसवे टोल शुल्क बचाने के लिए भारी वाहन ड्राइवर बजघेड़ा के रास्ते का प्रयोग कर रहे हैं। 24 घंटे ओवरलोड ट्रक यहां से गुजरते रहते हैं। वहीं यहां सड़क किनारे भी बड़ी संख्या में ट्रक और टेंपो खड़े रहते हैं। इस हादसे ने एक्सप्रेसवे और अंडरपास के आसपास बेतरतीब खड़े रहने वाले वाहनों के कारण होने वाले खतरों को लेकर सवाल खड़े किए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *